दिल्ली के मोती नगर में चेंजिंग रूम में मिली लड़की की लाश, गला रेतकर की हत्या! जीजा के भाई पर आरोप
दिल्ली के मोती नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शोरूम के चेंजिंग रूम में एक लड़की का शव लहूलुहान हालत में मिला। बताया जा रहा है कि हमलावर ने धारदार हथियार से युवती का गला काटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
- भारत
- 2 min read
Dead boy found in Trial Room: राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शोरूम के चेंजिंग रूम से 18 साल की लड़की की लाश मिली है।
यह पूरा मामला मोती नगर के 5/8 ब्लॉक का है। यहां 'वस्त्र महल' कपड़े के शोरूम में लड़की काम करती थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि इसी शोरूम में घुसकर एक युवक ने शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे लड़की की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
चेंजिंग रूम से बहता खून देख फूले हाथ-पांव
चश्मदीदों के अनुसार, शोरूम के मालिक ने शाम करीब साढ़े सात बजे फोन कर लड़की के नजर न आने की बात कही और अंदर जाकर देखने को कहा। जब अंदर जाकर जांच की गई, तो बाहर से कुंडी लगे हुए चेंजिंग रूम के नीचे से खून बहता दिखाई दिया। यह देखकर शोरूम के कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए। इसके तुरंत बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
एकतरफा प्यार के चलते हत्या?
मृतक लड़की की पहचान शबनम, जबकि आरोपी की पहचान सूचन के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि इस पूरी वारदात के पीछे एकतरफा प्यार वजह हो सकती है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी युवक ने पहले शबनम को बात करने के बहाने चेंजिंग रूम में बुलाया और फिर वहीं उसकी हत्या कर दी।
जीजा के भाई पर गंभीर आरोप
अब मृतका के भाई का बयान सामने आया है जिसमें उसने लड़की के जीजा के भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात को लड़की के जीजा के भाई ने अंजाम दिया है, जो घटना के बाद से फरार है। आरोपी कल शोरूम में आया और शबनम (मृतका) के बाल पकड़कर घसीटते हुए उसे सीधे चेंजिंग रूम के अंदर ले गया, जहां उसने उसकी हत्या कर दी।
आरोपी पहले भी कर चुका है जानलेवा हमला
भाई ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी करीब एक-डेढ़ साल पहले भी शबनम पर कई बार जानलेवा हमला कर उसे घायल कर चुका था, लेकिन उस समय पारिवारिक स्तर पर आपसी सुलह होने के कारण पुलिस केस खत्म कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 15 November 2026 at 10:44 IST