एकतरफा मोहब्बत, रेस्टोरेंट में मुलाकात और...मॉडल मुस्कान की हत्या में नया खुलासा, जिम रिसेप्शनिस्ट ने बताई हत्यारे इमरान की एक पुरानी हरकत
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम 21 साल की मॉडल मुस्कान की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आरोप जिम ट्रेनर इमरान पर लगा है। CCTV कैमरे में इमरान को मुस्कान के फ्लैट में और फिर तेजी से भागते देखा गया है।
- भारत
- 3 min read
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम 21 साल की मॉडल मुस्कान की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आरोप जिम ट्रेनर इमरान पर लगा है। CCTV कैमरे में इमरान को मुस्कान के फ्लैट में और फिर तेजी से भागते देखा गया है। पुलिस इमरान की गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रिश्ते और विवाद की बात सामने आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, मुस्कान और आरोपी इमरान एक-दूसरे को एक साल से ज्यादा समय से जानते थे। जांच से जुड़े लोगों के अनुसार, दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध था।
हालांकि पिछले कुछ महीनों से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी और दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगी थीं। बताया जा रहा है कि इमरान लगातार मुस्कान से रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रहा था।
मुस्कान किसी और को पसंद कतरती है, इमरान को था शक
इसी दौरान इमरान को शक होने लगा कि मुस्कान किसी और को पसंद करने लगी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद और कहासुनी हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि मुस्कान और इमरान कुछ दिन पहले एक रेस्टोरेंट में भी मिले थे। हालांकि मुस्कान कथित तौर पर इमरान से दूरी बनाना चाहती थी और उसकी बातों को नजरअंदाज कर रही थी।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात वाली शाम इमरान को पता चला कि मुस्कान घर में अकेली है। इसके बाद वह उसके घर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दोनों के बीच रिश्ते को लेकर फिर से विवाद हुआ और इसी दौरान इमरान ने मस्कान की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस की जांच अभी जारी है और हत्या की पूरी वजह तथा वारदात की परिस्थितियां आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।
जिम की रिसेप्शनिस्ट ने बताई पुरानी बात
इस मामले में मुस्कान के जिम से जुड़ी एक पुरानी जानकारी भी सामने आई है। जिम की रिसेप्शनिस्ट डिंपल ने बताया कि इमरान कुछ समय तक वहां ट्रेनर के तौर पर काम करता था। उनके मुताबिक, उस दौरान इमरान ने मुस्कान को एक-दो बार परेशान करने की कोशिश की थी।
डिंपल का कहना है कि इमरान के व्यवहार को लेकर उसे समझाया गया था। इसके बाद मुस्कान को परेशान करने की शिकायत दोबारा सामने नहीं आई। उन्होंने बताया कि इमरान करीब दो-तीन महीने तक जिम में काम कर चुका था और करीब दो महीने पहले उसे वहां से हटा दिया गया था। रिसेप्शनिस्ट ने यह भी कहा कि मुस्कान जिम में आती थी, अपना वर्कआउट करती थी और फिर घर चली जाती थी। उनके मुताबिक, उन्हें दोनों के बीच किसी खास रिश्ते की जानकारी नहीं थी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 27 August 2026 at 14:54 IST