Delhi: कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप, खुद को पुलिसकर्मी बताकर 3 युवकों ने की हैवानियत; एक गिरफ्तार
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
- भारत
- 2 min read
Kalkaji Gangrape Case: दिल्ली के कालकाजी मंदिर इलाके से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दर्शन करने पहुंची नाबालिग के साथ तीन युवकों ने कथिततौर पर गैंगरेप किया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने खुद को पुलिसवाला बताया था। पुलिस ने मंगलवार सुबह एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब नाबालिग लड़की अपने 17 साल के दोस्त के साथ दर्शन करने पहुंची थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क टहलने के लिए चले गए। वहीं 20 से 25 साल के तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया।
दोस्त को दबोचा, लड़की से किया गैंगरेप
इतना ही नहीं, उनमें से एक बदमाश ने पहले लड़की के दोस्त को दबोच लिया, जिससे कि वो चीख न सके। इसके बाद तीनों ने मिलकर नाबालिग का यौन शोषण किया। पीड़ित के अनुसार, इस दौरान उन्होंने उसके दोस्त को पकड़े रखा। इस घिनौनी करतूत को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने केस किया दर्ज
पुलिस को इस घटना की सूचना रात करीब 8.45 बजे पीसीआर कॉल के जरिये मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। साथ ही कालकाजी थाने में पोक्सो एक्ट सहित रेप की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।
एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, इस मामले के एक आरोपी को पुलिस के साथ हुई थोड़ी मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया। दिल्ली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और बाकी दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 September 2026 at 08:41 IST