अपडेटेड 10 August 2024 at 09:55 IST
पुणे में IED ब्लास्ट की ट्रेनिंग ली, दिल्ली में करना था धमाका, ISIS आतंकी रिजवान ने किया खुलासा
दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए शुक्रवार को रिजवान अली को गिरफ्तार किया। रिजवान अली पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
ISIS terrorist Rizwan Ali: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार ISIS मॉड्यूल के आतंकवादी रिजवान अली ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। सूत्रों ने बताया है कि पूछताछ के दौरान रिजवान अली ने खुलासा किया कि वो दिल्ली में ब्लास्ट की तैयारी कर रहा था। उसके पहले दिल्ली में नए मॉड्यूल को तैयार करने में जुटा था, क्योंकि पुणे का मॉड्यूल पकड़ा गया था।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रिजवान अली आतंक के कमांडर फरतुल्लाह गोरी के सीधे संपर्क में था। उसने पुणे में कंट्रोल IED ब्लास्ट की ट्रेनिंग ली थी। दिल्ली लौटने के बाद जामिया और ओखला इलाके में यमुना के तटीय इलाकों में कंट्रोल ब्लास्ट किए थे। पुणे पुलिस के शिकंजे से निकलने के बाद रिजवान महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग शहरों में छिपा था। रिजवान फरारी के दौरान भी फरतुल्लाह गोरी के संपर्क में था।
दिल्ली के दरियागंज इलाके से रिजवान गिरफ्तार हुआ
स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को रिजवान अली को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, भारत की सुरक्षा एजेंसी NIA ने ISIS मॉड्यूल के आतंकी रिजवान अली पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। रिजवान दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है। स्पेशल सेल ने पुरानी दिल्ली में दरियागंज के पास से ही इसे गिरफ्तार किया। कुछ हथियार, जिसमें पिस्टल भी शामिल है, वो रिजवान अपील के पास से बरामद हुए।
रिजवान ISIS पुणे मॉड्यूल से जुड़ा था। एनआईए ने आईएसआईएस पुणे मॉड्यूल मामले में 7 लोगों को पकड़ा था। इस दौरान तीन आतंकी फरार हुए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अक्टूबर 2023 में ISIS पुणे मॉड्यूल के आतंकी शाहनवाज के साथ मोहम्मद अरशद वारसी और रिजवान नाम के संदिग्ध को भी गिरफ्तार किया था। इस मॉड्यूल का संदिग्ध आतंकी रिजवान फरार चल रहा था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 10 August 2024 at 09:55 IST