अपडेटेड 10 March 2026 at 09:51 IST
Haryana: गुरुग्राम में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत; मलबे में दबने से कई गंभीर रूप से घायल
गुरुग्राम में एक निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पटौदी-बिलासपुर रोड पर स्थित सिधरावली इलाके में हुई है। हादसे के बड़ी संख्या में मजदूर सोसाइटी में काम कर कर रहे थे। कुछ के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है। रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे सोसाइटी के बेसमेंट क्षेत्र में एक विशाल कंक्रीट रिटेंशन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के साथ बड़ी मात्रा में मिट्टी भी धंस गई, जिसकी चपेट में 12 से 15 मजदूर आ गए। मलबे के नीचे दबे मजदूरों को निकालने के लिए तुरंत पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना में कुल सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मलबे में दबने से 7 मजदूरों की मौत
जिला अस्पताल के डॉ सोमप्रकाश यादव ने बताया कि "यह घटना कल रात करीब 7:45 बजे की आसपास की है। हमें जानकारी मिली कि करीब 10 से 15 लोग कीचड़ में दबे हुए हैं। हमने शुरूआत में जो 4 लोग आए थे, उन्हें बचा लिया था। उसके बाद जो दूसरे लोग आ रहे थे, वे सब गंभीर स्थिति में थे। हमने उन्हें CPR और दूसरी इमरजेंसी सर्विस देने की कोशिश की लेकिन कुछ नहीं किया जा सका क्योंकि वे कम से कम डेढ़ घंटे से मिट्टी में दबे हुए थे। उसके बाद 7 शव आए, तो कुल 11 लोग आए थे। अभी 4 लोगों का इलाज चल रहा है।
जोरदार आवाज के साथ गिर गई दीवार
मलबे में कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है। हादसे के समय दीवार के पास बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। जोरदार आवाज के साथ अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई। भारी मशीनों से मलबा हटाने का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेसमेंट खुदाई या एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की कमी संभावित वजह हो सकती है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 09:34 IST