अपडेटेड 28 January 2025 at 22:35 IST

YouTuber Elvish Yadav पर नई मुसीबत, गवाह को धमकाने के आरोप में FIR दर्ज, नोएडा रेव पार्टी से जुड़ा है मामला

एल्विश यादव के खिलाफ गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि अपने समर्थकों के साथ कई गाड़ियों में सवार होकर गवाह को धमकी दी है।

Follow :  
×

Share


Elvish Yadav के खिलाफ FIR | Image: Instagram/@ElvishYadav

नोएडा रेव पार्टी मामले में एक गवाह को धमकाने के आरोप में यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त दीवानी न्यायाधीश प्रतिभा द्वारा 24 जनवरी को आदेश दिए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

‘पीपल फॉर एनिमल’ (पीएफए) के पदाधिकारी सौरभ गुप्ता, यादव द्वारा नोएडा में आयोजित पार्टी में सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल से जुड़े मामले में गवाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एल्विश और उसके समर्थक 10 मई 2024 कई गाड़ियों में सवार होकर राज नगर एक्सटेंशन स्थित उनकी सोसायटी में आए थे और उन्हें धमकी दी।’’

एल्विश के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत

गुप्ता ने दावा किया कि उन्होंने इस बारे में नंदग्राम पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। सौरभ के भाई गौरव गुप्ता ने एल्विश के खिलाफ नवंबर 2023 में नोएडा में एक पार्टी में सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल के आरोप में शिकायत दर्ज कराई थी।

सौरभ ने आरोप लगाया, ‘‘जब से नोएडा में मामला दर्ज हुआ है तभी से एल्विश, हम दोनों भाइयों को झूठे मामले में फंसाने या दुर्घटना कराकर जान से मारने की कोशिश कर रहा है। यादव सोशल मीडिया के जरिए रोजाना धमकी दे रहा है।’’ नंदग्राम थाने के प्रभारी धर्मपाल सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार रात भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: 'बहादुरी पर ज्ञान ना दें तो अच्छा है...', केजरीवाल ने राहुल को दिलाई नेशनल हेराल्ड की याद, कहा- हमें सब बहादुरी पता है

 

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 28 January 2025 at 22:35 IST