अपडेटेड 17 February 2025 at 14:14 IST

दिल्ली में BJP सरकार के शपथ से पहले ही काम शुरू... वजीराबाद से ओखला तक, यमुना नदी में सफाई करने उतरी मशीनें

दिल्ली में वजीराबाद से लेकर ओखला तक दिल्ली में यमुना नदी की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को भी मशीनों के जरिए यमुना नदी की सफाई की गई है।

Follow :  
×

Share


दिल्ली में यमुना नदी का सफाई का काम शुरू | Image: R Bharat

Delhi Yamuna River Cleaning: दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना नदी की सफाई का मुद्दा अरविंद केजरीवाल या यूं कहें कि पूरी आम आदमी पार्टी को महंगा पड़ा है। वो इसलिए कि बीजेपी यमुना नदी की सफाई के मसले पर केजरीवाल को घेरती रही और बीजेपी के इस कैंपेन का असर जनता पर इतना हुआ कि आम आदमी पार्टी का ही सत्ता से सफाया कर दिया। दिल्ली में बीजेपी को इस बार बहुमत मिला है। अभी दिल्ली में बीजेपी की सरकार शपथ ग्रहण भी नहीं हुआ है, लेकिन राजधानी में यमुना नदी की सफाई के लिए मशीनें उतर चुकी हैं।

दिल्ली में पिछले दो दिन से यमुना नदी की सफाई का काम युद्धस्तर पर चला दिया गया है। वजीराबाद से लेकर ओखला तक दिल्ली में यमुना नदी की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को भी मशीनों के जरिए यमुना नदी की सफाई की गई है। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी नवीन चौधरी खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं।

उपराज्यपाल की मीटिंग के बाद सफाई चालू

पिछले दिनों दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य सचिव के बीच हुई बैठक के बाद यमुना की सफाई का काम शुरू हुआ है। उपराज्यपाल ने पिछले दिनों यमुना नदी को साफ करने के लिए तत्काल निर्देश जारी किए थे और उसके बाद रविवार को नदी में कचरा निकालने वाले स्किमर, खरपतवार निकालने वाले और ड्रेज यूटिलिटी मशीनें उतारी गईं। उपराज्यपाल कार्यालय की तरफ से जानकारी दी गई कि नदी की सफाई के लिए 4 चरण के प्लान तैयार किए गए हैं। इसमें शुरुआत में यमुना नदी की धारा में कचरा, कूड़ा और गाद को हटाया जाएगा। साथ ही नजफगढ़ नाले, पूरक नाले और अन्य सभी प्रमुख नालों में सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।

यमुना की सफाई पर बीजेपी की प्रतिक्रिया

फिलहाल यमुना के सफाई अभियान को लेकर बीजेपी की प्रतिक्रिया भी आ गई है। बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यमुना नदी की सफाई पर आश्वस्त रहें। यमुना नदी की सफाई करके रहेंगे। बताते चलें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने से पहले भारतीय जनता पार्टी ने यमुना नदी की सफाई का वादा किया था, जिसके कुछ इलाकों से बार-बार जहरीला झाग निकलता रहा है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार गठन को लेकर बड़ी खबर, इस तारीख को होगा शपथ ग्रहण

 

 

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 17 February 2025 at 14:14 IST