Delhi Building Collapse: चीख पुकार और धूल का गुबार... ताश के पत्तों की तरह ढह गई बहुमंजिला इमारत, CCTV में खौफनाक मंजर कैद; अबतक 6 की मौत
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में अचानक बहुमंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है। डराने वाली बात यह है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। फिलहाल हादसे का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
- भारत
- 3 min read
Delhi Building Collapse: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक बहुमंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई। मलबे से देर रात एक और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो चुकी है। वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बिल्डिंग गिरने का जो फुटेज सामने आया है, उसमें इमारत ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई। लोग इधर-उधर भागते हुए दिखाई दिए। इतना ही नहीं, फुटेज में चीख-पुकार और धूल का गुबार साफ देखा जा सकता है। यहां पलक झपकते ही इमारत समेत सबकुछ तबाह हो गया। कैमरे में कैद इस भयावह मंजर को देखने के बाद किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते है।
18 घंटों से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में एक छात्र और एक मजदूर शामिल है, जबकि 4 लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। कल दोपहर से ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है क्योंकि मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर NDRF, CATS एम्बुलेंस और कई
प्रशासनिक टीमें बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। यह इमारत करीब 40-50 साल पुरानी बताई जा रही है।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- सीएम रेखा
दिल्ली की मुख्य्मंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 11 लोगों को बचाया गया है। इसके बाद उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की। इस दौरान सीएम रेखा ने कहा, 'इसके लिए जो भी जिम्मेदार है- चाहे वह इमारत का मालिक हो या कोई अधिकारी उसे बख्शा नहीं जाएगा। इमारत पुरानी थी और उसमें कुछ निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। बेसमेंट में खुदाई का काम हो रहा था, जिसकी वजह से एक पिलर खिसक गया और पूरी इमारत ढह गई।'
इमारत में चल रही थी PG
उन्होंने आगे कहा, 'इमारत का इस्तेमाल PG के तौर पर हो रहा था और अंदर बच्चे मौजूद थे। सभी एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। हमारी प्राथमिकता सबसे पहले इन बच्चों की जान बचाना है। बचाव अभियान इसी तरह जारी रहेगा। सभी अधिकारी यहां मौजूद हैं और किसी भी चीज की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।'
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से सटा एक बेहद प्रमुख और व्यस्त इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG में रहकर अपनी पढ़ाई करते हैं। इस इलाके में कई छात्र आवास के अलावा आसपास कई अन्य कॉलेज और कोचिंग सेंटर्स भी मौजूद हैं। यही वजह है कि यहां दिनभर छात्रों की चहल-पहल और आवाजाही बनी रहती है। हालांकि, सत्य निकेतन में रहने वाले छात्रों की कुल संख्या कितनी है, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
PG मालिक पर FIR दर्ज
इमारत के मालिक का नाम आनंद बंसल है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस मामले में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में PG मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 7 September 2026 at 07:17 IST