Delhi की वायु गुणवत्ता में सुधार, अब भी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज
Delhi AQI: दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया है। हालांकि यह अब भी खराब श्रेणी में है।
- भारत
- 1 min read
Delhi AQI: दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सोमवार को सुधार देखा गया और यह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 281 दर्ज किया गया, जबकि रविवार को शाम चार बजे यह 318 था।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51-100 को ‘‘संतोषजनक’’, 101-200 को ‘‘मध्यम’’, 201-300 को ‘‘खराब’’, 301-400 को ‘‘बहुत खराब’’, 401-450 को ‘‘गंभीर’’ तथा 450 से ऊपर को ‘‘बेहद गंभीर’’ माना जाता है।
बहरहाल, दिल्ली के 39 निगरानी केंद्रों में से 15 ने एक्यूआई को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया। शादीपुर में सबसे अधिक खराब एक्यूआई (353) रहा।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने सुबह या रात के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 85 प्रतिशत रहा।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 25 November 2024 at 10:49 IST