अपडेटेड 12 February 2026 at 12:11 IST

Delhi Metro New Corridors: दिल्ली मेट्रो के फेज- 5A को मंजूरी, मैजेंटा लाइन पर 17 नए इंटरचेंज बनेंगे; जानें किन इलाकों को होगा फायदा

दिल्ली मेट्रो फेज-5A में 3 नए कॉरिडोर बनने से दिल्ली-NCR के लाखों लोगों को फायदा होगा। मैजेंटा लाइन दिल्ली की सबसे लंबी 89 किमी वाली लाइन बनेगी। साथ ही इसमें सबसे ज्यादा इंटरचेंज स्टेशन होंगे, जानें किन किन इलाकों को फायदा मिलेगा?

Follow :  
×

Share


दिल्ली मेट्रो के फेज- 5A को मंजूरी | Image: @gupta_rekha

Delhi Metro Phase 5A Update: दिल्ली मेट्रो के फेज-5A में और 3 नए कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है, इससे राजधानी के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव होगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, इन कॉरिडोर से करीब 8 लाख यात्रियों को रोजाना फायदा मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री के '7-सी विजन' को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। यह विजन है- कॉमन, कनेक्टेड, कन्वीनियंट, कंजेशन-फ्री, चार्ज्ड, क्लीन और कटिंग-एज परिवहन। दिल्ली सरकार ने इस पूरे प्रोजेक्ट में 2,940 करोड़ रुपये का योगदान देने का फैसला किया है। कुल लागत 12,014.91 करोड़ रुपये आएगी। ये प्रोजक्ट 2028 तक पूरा हो जाएगा।

मैजेंटा लाइन बनेगी सबसे लंबी

फेज-4 और फेज-5A के बाद मैजेंटा लाइन (लाइन-8) दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन हो जाएगी। बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक यह 89 किलोमीटर लंबी होगी। इसमें कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। साथ ही इसमें सबसे ज्यादा इंटरचेंज स्टेशन बढ़ेंगे। तो इस तरह मैजेंटा लाइन पर इंटरचेंज स्टेशनों की संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी। अभी इस लाइन पर 4 इंटरचेंज स्टेशन हैं, जिसमें शामिल है- कालकाजी मंदिर, बॉटेनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास। यानी नए 17 इंटरचेंज स्टेशन और बनेंगे।

कहां-कहां बनेंगे इंटरचेंज स्टेशन?

  • कालिंदी कुंज 
  • चिराग दिल्ली
  • टर्मिनल-1 IGI एयरपोर्ट
  • पीरागढ़ी
  • पीतमपुरा (मधुबन चौक)
  • हैदरपुर बादली मोड़
  • मजलिस पार्क
  • आजादपुर
  • पुलबंगश
  • नबी करीम
  • RK आश्रम मार्ग
  • शिवाजी स्टेडियम
  • सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
  • इंद्रप्रस्थ
  • दिल्ली गेट
  • नई दिल्ली
  • इंद्रलोक

ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन के नाम भी जानें

खास बात ये भी है कि सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (CS), आजादपुर, नई दिल्ली और इंद्रलोक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बनेंगे। इससे यात्रियों को मेट्रो बदलना बहुत आसान हो जाएगा।

आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (9.91 किमी): मैजेंटा लाइन को बढ़ाते हुए, इसमें आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। कुल मिलाकर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से इसे जोड़ा जाएगा, जिससे सरकारी दफ्तरों तक इस मेट्रो लाइन की सीधी पहुंच मिलेगी। इससे सरकारी कर्मचारियों का बड़ा फायदा मिलेगा।

तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी): इसमें दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर, कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे।

एरोसिटी से IGI टर्मिनल-1 (2.26 किमी): घरेलू एयरपोर्ट टर्मिनल तक सीधी मेट्रो को जोड़ा जाएगा। इससे टैक्सी और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी। नोएडा, फरीदाबाद, तुगलकाबाद और महिपालपुर के यात्रियों को फायदा इससे बड़ा फायदा मिलेगा।

DMRC के मुताबिक, ये कॉरिडोर दिल्ली-NCR में सफर को और सुगम बनाएंगे। प्रदूषण कम करने और जाम से निजात दिलाने में भी मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार और केंद्र ने इस परियोजना को हरी झंडी पहले ही दे दी है।  

यह भी पढ़ें: Kanpur Lamborghini Accident: शिवम गिरफ्तार,हादसे के वक्‍त चला रहा था कार

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 12 February 2026 at 12:11 IST