अपडेटेड 30 November 2025 at 14:57 IST
Delhi MCD Bypolls: 'जनाधार तो दिल्ली की जनता ने...', वोट डालने के बाद बोलीं CM रेखा, बीजेपी का दावा- कमल खिलेगा
शालीमार बाग के एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डालने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी मतदाताओं से अपने मत का इस्तेमाल करने की अपील की।
Delhi MCD Elections: दिल्ली में नगर निगम की 12 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। 12 वार्डों पर हो रहे उपचुनाव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के कई नेताओं ने मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने मतदाताओं से अपने मत का इस्तेमाल करने की अपील की।
सीएम रेखा ने शालीमार बाग के एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, ‘दिल्ली में 12 (MCD) सीटों पर आज उपचुनाव है और जनता का ढेर सारा प्यार, सम्मान और समर्थन भाजपा के प्रत्याशियों को मिल रहा है।’
वोट के माध्यम से सही प्रतिनिधि चुने- CM रेखा
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं सभी से इतना निवेदन करना चाहती हूं कि अपने मत का प्रयोग जरूर करें और मतदान करने जरूर जाएं। क्योंकि इसी वोट के माध्यम से वे दिल्ली के लिए सही प्रतिनिधि चुन पाएंगे। हर व्यक्ति को अपने वोट का उपयोग करना चाहिए। जनाधार तो दिल्ली की जनता ने पिछले चुनाव में पहले ही बता दिया था और आने वाले समय में फिर एक बार उनकी (AAP) कथनी और करनी में फर्क सामने आएगा।'
भाजपा का कमल इस वार्ड में खिलेगा- सचदेवा
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'जितना लोगों से मिलना हुआ है मतदाताओं का रुझान बताता है कि भाजपा का कमल इस वार्ड में खिलेगा। चांदनी चौक में हमारे सांसद और दिल्ली की सरकार भी हमारी है तो लोगों को इस बात का भरोसा है कि पार्षद भी बीजेपी का हुआ तो यहां पर बेहतर काम होगा। भाजपा अच्छे बहुमत से विजयी होगी।'
विकास और विश्वास का रिश्ता दिल्ली में दिखेगा- कमलजीत
सांसद कमलजीत सहरावत ने द्वारका-बी वार्ड इलाके में वोट डालने के बाद कहा, 'बिहार की जनता ने जैसे विकास को वोट दिया और उनका विश्वास पीएम मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर था और उस विकास के नाम पर जो विश्वास था उसके आधार पर वोट पड़ा। यही दिल्ली में भी होगा। दिल्ली में जब लोगों ने विश्वास करके भाजपा की सरकार बनाई है तो उसके बाद सरकार विकास कर रही है ये विकास और विश्वास का रिश्ता आपको दिल्ली में भी दिखेगा।'
कब आएंगे उपचुनाव के नतीजे?
बता दें कि दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों पर उपचुनाव हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शाम 5:30 बजे चलेगी। इस चुनाव में 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। उपचुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच है। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता की यह पहली बड़ी अग्निपरीक्षा है। ऐसे में तीन दिसंबर को पता चलेगा कि 12 सीटों में से किसके हिस्से में कितने वार्ड जाते हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 30 November 2025 at 14:57 IST