अपडेटेड 20 March 2026 at 14:31 IST

दिल्ली-NCR के लोगों को CM रेखा गुप्ता ने दी सौगात, 'कश्मीरी गेट टू गाजियाबाद' नए रूट पर चलेंगी 300 इलेक्ट्रिक बसें, सफर हुआ आसान

दिल्ली को आज 300 नई इलेक्ट्रिक बसें और मिल गई हैं। कश्मीरी गेट से गाजियाबाद का नया रूट शुरू किया जा रहा है, जिससे गाजियाबाद के लोगों को दिल्ली से डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिलेगी। CM रेखा गुप्ता ने DTC मुख्यालय की नींव भी रखी है। जानें पूरी डिटेल।

Follow :  
×

Share


कश्मीरी गेट से गाजियाबाद का नया रूट | Image: ANI

Delhi-Ghaziabad Bus Route: दिल्ली की बस यात्रा अब और आसान होने जा रही है, क्योंकि 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को शुरू किया गया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने एक साथ 3 बड़े कदम उठाए हैं। सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज DTC के नए मुख्यालय भवन की नींव रखी। इसी कार्यक्रम में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर सड़कों पर उतार दिया गया। इसके साथ ही कश्मीरी गेट से नानकसर होते हुए गाजियाबाद तक नया अंतरराज्यीय बस रूट भी शुरू कर दिया गया।

एक कार्यक्रम में 3 योजनाएं शुरू 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता का समय और पैसा बचाने के लिए तीनों काम एक ही मंच से शुरू किए। उन्होंने बताया कि पहले डीटीसी बहुत घाटे में चल रहा था। करीब 65 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका था। पिछली सरकार ने इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। CM रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि पिछले एक साल में सरकार ने घाटा कम करने के लिए मेहनत की है। इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत लंबित सब्सिडी का भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने 12,877 लोगों को 24 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने की जानकारी भी दी।

CM रेखा ने पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वही लोग 365 दिनों के काम पर सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने 10 साल तक कुछ नहीं किया। उन्होंने डीटीसी चालकों की तारीफ करते हुए अपील की कि बसें सावधानी से चलाएं ताकि कोई दुर्घटना न हो, साथ ही कर्मचारियों से भी यात्रियों से अच्छा व्यवहार रखने को कहा।

अंतरराज्यीय रूटों पर बढ़ी बसें- परिवहन मंत्री   

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि पहले की सरकारों ने डीटीसी को कमजोर कर दिया था। अब मौजूदा सरकार इसे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। अंतरराज्यीय रूटों पर भी बसें बढ़ाई जा रही हैं। आने वाले वक्त में अच्छे नतीजे दिखेंगे। यह कदम दिल्लीवासियों के लिए सुविधाजनक होगा। इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण भी कम होगा और गाजियाबाद जाने वाले लोगों को सीधा कनेक्शन मिलेगा। डीटीसी अब नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। 

यह भी पढ़ें: गैस एजेंसी से परेशान हैं? घर बैठे फ्री में ऐसे बदलें LPG डिस्ट्रीब्यूटर

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 20 March 2026 at 14:31 IST