Delhi Crime: दयालपुर में मस्‍जिद के पास हिस्‍ट्रीशीटर साजिद उर्फ आलू दादा की गोली मारकर हत्या; हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में 24 साल के साजिद की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, ऐसे में पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जानें क्या है पूरा मामला?

 
Follow :
दिल्ली के दयालपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, मृतक साजिद पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे; जानें क्या है पूरा मामला? | Image: Unsplash

Delhi Dayalpur Murder: दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 साल के साजिद उर्फ आलू दादा के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, दिलशाद मस्जिद के पास ओल्ड मुस्तफाबाद इलाके में ये घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। 

अस्पताल पहुंचने से पहले साजिद की रास्ते में मौत

अज्ञात हमलावर ने साजिद पर गोली चलाई। जिसके बाद उसके साथी उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना दयालपुर की पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अहम सबूत जुटाए। अस्पताल से भी पुष्टि हुई कि साजिद को पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।

मृतक साजिद पर कई आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक साजिद का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले कई मामले दर्ज थे। हालांकि, हत्या के पीछे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस के मुताबिक, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कई टीमें हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई और घटना न हो। दयालपुर इलाका पहले भी आपराधिक गतिविधियों के लिए चर्चा में रहा है। पुलिस का कहना है कि ये हत्या पुरानी रंजिश या गुटबाजी का नतीजा भी हो सकता है, लेकिन जांच पूरी होने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Weather: दिल्ली-NCR, UP-बिहार से बंगाल तक होगी झमाझम बारिश

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 18 July 2026 at 08:18 IST