अपडेटेड 16 March 2026 at 21:05 IST
LPG Crisis: सरकार की रोकने की लाख कोशिशों के बाद भी राजधानी में कालाबाजारी! मुंडका में रैकेट का भंडाफोड़, 610 गैस सिलेंडर बरामद
LPG Crisis Raid: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुंडका में एक बड़े गैस सिलेंडर रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 610 अवैध सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
जतिन शर्मा की रिपोर्ट
LPG Crisis Raid: दिल्ली में गैस की किल्लत का फायदा उठाकर LPG गैस की कालाबाजारी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुंडका में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उनकी कालाबाजारी से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस की एक विशेष टीम ने छापा मारकर एक गोदाम से 610 कमर्शियल सिलेंडर बरामद किया है, जिन्हें छिपाकर रखा गया था।
छापेमारी के दौरान मिले दर्जनों सिलेंडर
दरअसल, क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर DCP संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। जब पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ 'गुरुजी इंडेन गैस सर्विस' के गोदाम पर दस्तक दी, तो वहां भारी अनियमितताएं मिलीं। यह एजेंसी केवल 'इंडेन' कंपनी के सिलेंडर बेचने के लिए अधिकृत थी, लेकिन छापेमारी के दौरान वहां भारत गैस और एचपी गैस के दर्जनों सिलेंडर भी बरामद हुए।
मौके पर मिले 133 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर
जांच में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई, वह थी कागजों में हेराफेरी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के रिकॉर्ड के मुताबिक, 10 मार्च 2025 तक इस एजेंसी के पास इंडेन के कमर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक 'शून्य' था।
लेकिन, मौके पर पुलिस को 133 भरे हुए सिलेंडर मिले। इससे साफ जाहिर होता है कि बाजार में गैस की कृत्रिम कमी पैदा करने के लिए सिलेंडरों की जमाखोरी की जा रही थी, ताकि उन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाया जा सके।
अवैध भंडारण के खिलाफ मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 610 सिलेंडर अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें से 197 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए थे, जबकि 392 खाली थे। इसके अलावा 21 छोटे आकार के सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान एजेंसी का मालिक और कर्मचारी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी रही है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 16 March 2026 at 20:39 IST