अपडेटेड 27 December 2025 at 09:08 IST

Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली, विवेक विहार इलाके में AQI 424 दर्ज, कब मिलेगी राहत?

दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है। जानें आने वाले दिनों में कैसे रहेगा दिल्ली का मौसम

Follow :  
×

Share


Delhi Air Pollution | Image: ANI

Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR की हवा फिर खराब हो गई है। प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। 27 दिसंबर यानी आज CPCB के मुताबिक, कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 6 बजे विवेक विहार में AQI 424 दर्ज हुआ। आनंद विहार में 410, बवाना में 404 और जहांगीरपुरी में 417 रहा। ये सभी इलाके 'गंभीर' श्रेणी में हैं।

हवा खराब होने की वजह से लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं। CQM (Commission for Air Quality Management) ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP-4 की पाबंदियां हटा दी हैं, लेकिन GRAP 1, 2 और 3 की सख्ती से पालन जारी है। वहीं अक्षरधाम इलाके में AQI 410, नोएडा में AQI 376 और गाजियाबाद में 392 दर्ज किया गया।

तीन दिनों तक सामान्य रहेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में घने कोहरे के साथ शीतलहर का कहर और बढ़ेगा। खासकर सुबह-शाम के वक्त कोहरा छाने से विजिबिलिटी भी कम रहेगी। उत्तर पूर्वी भारत पर समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर ऊपर करीब 125 समुद्री मील की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम चल रही है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है और दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 30 दिसंबर के आस-पास पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक्टिव हो सकता है। अगले 3 दिन के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है और उसके बाद सामान्य से ज्यादा रहेगा। इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को प्रदूषण के साथ ठंड से भी अपना बचाव करने की सलाह दी है। 

कई इलाकों में सुबह विजिबिलिटी शून्य

दिल्ली-NCR के साथ उत्तर भारत में इन दिनों शीतलहर और कोहरा कहर बरपा रहा है। दिल्ली-NCR में सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। विजिबिलिटी सुबह-सुबह कई इलाकों में शून्य के करीब पहुंच गई। AQI यानी Air Quality Index हवा में मौजूद प्रदूषकों के स्तर को दर्शाता है। यह इंडेक्स आमतौर पर 0 से 500 के बीच होता है। कम AQI का मतलब साफ हवा, जबकि ज्यादा AQI खराब और सेहत के लिए हानिकारक हवा को दिखाता है। AQI की जानकारी होने से आप अपने दिन की प्लानिंग बेहतर तरीके से कर सकते हैं। अगर हवा ज्यादा प्रदूषित है तो बाहर एक्सरसाइज करने से बचा जा सकता है, बच्चों और बुजुर्गों को घर में ही रहने की सलाह दी जा सकती है और मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। खासतौर पर अस्थमा या सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए यह फीचर बेहद काम का है। 

यह भी पढ़ें: इस राज्य में कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद, 31 दिसंबर तक छुट्टियों की घोषणा

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 December 2025 at 09:08 IST