BJP 46th Foundation Day: दिल्ली में धूमधाम से मनाया गया भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना दिवस
CM रेखा गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, '27 साल के संघर्ष के बाद दिल्ली में BJP की सरकार बन पाई है, और यह सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।'
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 6 अप्रैल को अपनी 46वीं वर्षगांठ को दिल्ली भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और इसके बाद दीप प्रज्वलन का आयोजन हुआ। 1980 में स्थापित इस पार्टी का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह से परिपूर्ण था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "BJP की यात्रा 1980 से शुरू होकर अब इस मुकाम पर पहुंची है, जहां हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुके हैं। यह हम सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हम गर्व महसूस करते हैं कि हम उस पार्टी का हिस्सा हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करिश्माई शक्ति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मजबूत नेतृत्व में हो रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "आज NDA की सरकार 21 राज्यों में है, और दिल्ली 13वां राज्य है, जहां BJP को पूर्ण बहुमत मिला है। हमारा कर्तव्य है कि देश के हर शहर में भाजपा का झंडा लहराए।"
बीजेपी कार्यकर्ताओं को सीएम रेखा गुप्ता का संदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, "27 साल के संघर्ष के बाद दिल्ली में BJP की सरकार बन पाई है, और यह सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। हमारी सरकार समाजिक उत्थान और दिल्ली के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम हमेशा देश को पहले, पार्टी को दूसरे और खुद को अंत में रखते हुए काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा के नेतृत्व में हमारा उद्देश्य भारत को एक विश्वगुरु बनाना है।"
समारोह में दिग्गज नेताओं की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, मुख्य सचेतक अभय वर्मा और अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा शामिल थे। मंच संचालन प्रदेश मंत्री सारिका जैन और नरेश वशिष्ठ ने किया। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र यादव, दिनेश प्रताप सिंह, राजकुमार भाटिया, योगिता सिंह, विनय रावत, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, प्रवक्ता यासिर जिलानी और अजय सहरावत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता, विधायक और पार्षद भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
दिल्ली के 14 जिलों में भव्य समारोह
दिल्ली के सभी 14 जिलों में भी स्थापना दिवस मनाया गया। पश्चिम दिल्ली में राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, शाहदरा में वीरेंद्र सचदेवा, मयूर विहार में हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पूर्व दिल्ली में मनोज तिवारी, दक्षिण दिल्ली में रामवीर सिंह बिधूड़ी और चांदनी चौक में सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
BJP का यह स्थापना दिवस खास
BJP का यह स्थापना दिवस दिल्ली में उसकी सत्ता में वापसी के बाद और भी खास बन गया। कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन को मजबूत करने का संकल्प इस मौके पर पूरी तरह दिखाई दिया। इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा और रेखा गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय के 38 कर्मचारियों को चुनाव प्रचार के दौरान उनके समर्पण और मेहनत के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का संयोजन कार्यालय मंत्री बृजेश राय और सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता ने किया।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 23:50 IST