दिल्ली में दुस्साहस! बाइक जब्त करने पर बदमाशों ने पुलिस पर किया हमला, मिर्ची पाउडर डाल डंडों से पीटा; महिलाओं ने भी फेंक ईंट-पत्थर- VIDEO
दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ है। दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर आंख में मिर्च का पाउडर डाल कर पीटा गया है।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ है। दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर आंख में मिर्च का पाउडर डाल कर पीटा गया है। घटना 22 अगस्त (शनिवार) को दोपहर करीब 3 बजे मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके की है। जहां बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह से कानून-व्यवस्था को अपने हाथों में लेते हुए पुलिस के जवानों पर निर्ममता से लाठियां बरसा रहे हैं।
आरोप है कि मोटरसाइकिल को दस्तावेज नहीं होने के कारण पुलिस द्वारा जब्त किए जाने से नाराज कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने मौके से 17 साल के एक किशोर को पकड़ लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को करीब 3 बजे बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश जनता विहार में गश्त कर रहे थे। जांच के दौरान उन्हें एक मोटरसाइकिल मिली, जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। नियमानुसार बाइक को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने में जमा कराया गया। बताया जा रहा है कि बताया कि करीब साढ़े तीन बजे दोनों पुलिसकर्मी बीट पर लौटे तो बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ सदस्य वहां पहुंच गए। पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और ईंट व डंडों से हमला कर दिया।
हमले में तीन पुलिसकर्मियों को चोटें आईं. हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी और उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक किशोर को मौके पर पकड़ लिया गया। भलस्वा डेयरी थाने में FIR नंबर 537/26 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बीसी है और उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस और गंभीर अपराधों से जुड़े दो मामले शामिल हैं. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 23 August 2026 at 09:44 IST