अपडेटेड 6 February 2026 at 14:59 IST

Delhi: 'ये हादसा नहीं हत्या है...', युवक की गड्ढे में गिरकर हुई मौत तो भड़के केजरीवाल, प्रवेश वर्मा ने लिया एक्शन

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में कमल नाम के शख्स की मौत के बाद जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने घटना को गंभीरता से लेते हुई कार्रवाई की है।

Follow :  
×

Share


Another death due to civic apathy in Delhi | Image: Republic

Delhi Janakpuri Accident News: नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि दिल्ली के जनकपुरी इलाके से ऐसा ही मामला सामने आ गया है। हर दिन की तरह दफ्तर से घर लौट रहे युवक कमल के लिए गुरुवार (5 फरवरी) की रात आखिरी साबित हुई। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। AAP के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।

अरविंद केजरीवाल ने दोष मढ़ते हुए कहा कि बीजेपी ने नोएडा की घटना से कुछ नहीं सीखा है। गैर-जिम्मेदार रवैया और लापरवाही भाजपा सरकारों की पहचान बन चुकी है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

सरकार की लापरवाही से गई जान- केजरीवाल

उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया।

जवाबदेही तय की जाएगी- प्रवेश वर्मा 

अब इस मामले में कार्रवाई की गई है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि जूनियर इंजिनियर समेत 3 को निलंबित किया गया है। इससे पहले प्रवेश वर्मा ने कहा, 'जनकपुरी लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट साइट पर हुए दुखद हादसे को गंभीरता से लिया गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन किया है।

समिति को ये निर्देश दिए गए हैं:

• दुर्घटना स्थल का तुरंत निरीक्षण करें
• सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा करें
• सभी सुरक्षा नियमों के पालन की पुष्टि करें
• जहां भी लापरवाही पाई जाए, जिम्मेदारी तय करें
• सख्त सुधारात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करें

उन्होंने आगे कहा, ‘शाम तक एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसी घटनाओं को दोबारा नहीं होने दिया जाएगा।’

रात में थानों के काटे चक्कर, सुनवाई नहीं हुई

कमल रोहिणी स्थित एक बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था और उसकी ड्यूटी रोज रात 11 बजे तक होती थी। करीब साढ़े 11 बजे उसने बताया था कि वो जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर से घर लौट रहा है। घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, कमल के घरवाले पूरी रात अपने बेटे को ढूंढते रहे, दोस्त सड़कों पर भटकते रहे और करीब 6 थानों पर जाकर गुहार लगाते रहे। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि जब परिजन सातवें थाने में पहुंचे तो उन्हें जवाब मिला कि तुम्हारा अकेला बेटा नहीं खोया है, ऐसे रोज खोते रहते हैं। परिवारवालों का आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस का कॉल आया, जिसके बाद घटना का पता चला।

बाइक के साथ गड्ढे में गिरा मिला कमल 

मौके पर कमल अपनी बाइक के साथ गड्ढे में गिरा मिला। फिलहाल, परिवारवाले हादसे के लिए जल बोर्ड की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। साथ ही उनका यह भी कहना है कि हो सकता है किसी ने कमल की हत्या कर गड्ढे में फेंक दिया हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें: Meghalaya Coal Mine Blast: कोयला खदान धमाके में सरकार ने दिए जांच के आदेश, अबतक 18 की मौत; कई मजदूर अब भी फंसे
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 6 February 2026 at 14:59 IST