जल बोर्ड टेंडर घोटाला मामले में ACB का बड़ा एक्शन, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार

Satyendra Jain Arrest: दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

 
Follow :
Satyendra Jain | Image: ANI

Satyendra Jain Arrest: दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े STP यानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े STP खरीद में हुए कथित भ्रष्टाचार मामले में की गई है। एसीबी ने सत्येंद्र कुमार जैन समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, AN इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक इनवायरंमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजंहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं। 

मई 2024 की FIR से जुड़ा है मामला

यह मामला FIR नंबर 10 मई 2024 से जुड़ा है, जो GNCTD की एंटी-करप्शन ब्रांच पुलिस स्टेशन में प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 (2018 में संशोधित) की धाराओं 7/7A/9/13 और IPC की धाराओं 420/409/418/120-B के तहत दर्ज की गई थी। यह मामला GNCTD के डायरेक्टरेट ऑफ विजिलेंस की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) को बेहतर बनाने/अपग्रेड करने की टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश से जुड़ी थी।

August 18, 2026

टेंडर की शर्तों में हेरफेर और मनमानी के आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अपग्रेडेशन और क्षमता बढ़ाने के लिए जारी किए गए टेंडर से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर की तकनीकी शर्तों और स्पेसिफिकेशन में इस तरह बदलाव किए गए, जिससे एक खास कंपनी यूरोटेक इनवायरंमेंट प्राइवेट लिमिटेड को फायदा पहुंचाया जा सके।

एसीबी का दावा है कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और टेंडर में ऐसी तकनीकी शर्तें शामिल की गईं, जिनसे दूसरी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा सीमित हो गई। इसके अलावा टेंडर की शर्तों और तकनीकी स्पेसिफिकेशन में कथित तौर पर ऐसे बदलाव किए गए, जिनका सरकारी खजाने पर बड़ा वित्तीय असर पड़ा।

ई-मेल और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से मिली जानकारी

जांच एजेंसी के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के विश्लेषण में निजी व्यक्तियों, सरकारी अधिकारियों और बिचौलियों के बीच की बातचीत सामने आई है। आरोप है कि टेंडर की शर्तें, कॉरिजेंडम और अन्य दस्तावेज पहले आपस में साझा किए गए और बाद में इन्हीं को दिल्ली जल बोर्ड के टेंडर में शामिल किया गया। एसीबी का कहना है कि इससे निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ और टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने का संकेत मिलता है।

1.52 करोड़ रुपये की रिश्वत का आरोप

जांच में सबसे गंभीर आरोप दिल्ली जल बोर्ड के तत्कालीन सीईओ उदित प्रकाश राय को लेकर सामने आया है। ACB के मुताबिक, उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में AN इंटरप्राइजेज के जरिए करीब 1.52 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। जांच एजेंसी का आरोप है कि यह रकम रिश्वत के तौर पर दी गई और बाद में इसका इस्तेमाल अचल संपत्ति खरीदने में किया गया। एजेंसी के मुताबिक, AN इंटरप्राइजेज को यह पैसा यूरोटेक से जुड़ी संस्थाओं के जरिए मिला था। एसीबी अब इस पूरे पैसे के लेन-देन और कथित रिश्वत की रकम के अंतिम इस्तेमाल की जांच कर रही है।

एसीबी के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी खजाने को हुए नुकसान और रिश्वत की पूरी मनी ट्रेल की जांच की जा रही है।

बीजेपी पर बरसे अरविंद केजरीवाल

इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'सत्येंद्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।'

उन्होंने आगे लिखा, 'आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा?'

केजरीवाल ने आगे भड़कते हुए कहा कि बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येंद्र जैन के साथ मजबूती से खड़ी है।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा

आप नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, '... यह भाजपा सरकार की नीति है - उन लोगों को परेशान करना, बाधित करना और उन पर हर संभव दबाव डालना जो वास्तव में सरकार के लिए काम करते हैं। दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और मुझे गिरफ्तार कर लिया गया था। हमारा एकमात्र इरादा सिर्फ एक ही था- दिल्ली चुनाव में छेड़छाड़ करना और किसी भी तरह से जीतना। अब पंजाब चुनाव से पहले भी वे ऐसा ही कर रहे हैं... भाजपा घबरा गई है। पीएम मोदी और अमित शाह को नहीं पता कि पंजाब में क्या करना है. उन्हें एहसास हो गया है कि वे पंजाब में सफल नहीं होंगे, इसलिए वे इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।

August 18, 2026

यह भी पढ़ें: 'मेरे पति STF में थे, नक्सलियों ने मार डाला...; नक्सल हिंसा पीड़तों के परिवार का चिदंबरम के 'दिमागी नक्सल होने पर गर्व' वाले बयान पर फूटा गुस्सा
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 18 August 2026 at 21:40 IST