दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, स्विट्जरलैंड के लिए उड़ने से ठीक पहले विमान का इंजन हुआ फेल, लग गई आग; 232 यात्री थे सवार
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (SWISS) की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान खराबी आ गई, जिसके बाद इंजन में आग लग गई।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (SWISS) की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान खराबी आ गई, जिसके बाद इंजन में आग लग गई। हालांकि समय रहते पायलट की सूझबूझ से टेकऑफ रोक दिया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को रनवे पर इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल करके सुरक्षित बाहर निकाला गया। 6 यात्री घायल हो गए हैं। फ्लाइट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख जाने वाली थी। SWISS एयरलाइन ने एक बयान में कहा, हमें दिल्ली में फ्लाइट LX147 से जुड़ी एक घटना के बारे में जानकारी मिली है।
जिस विमान में खराबी आई वह एयरबस A330 है। घटना भारतीय समय के अनुसार रात 1 बजे के बाद की है। जैसे ही विमान टेकऑफ करने के लिए रनवे में आया। विमान के बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया। जिसके बाद तुरंत फ्लाइट को रोक दिया गया।
विमान में 232 यात्री थे सवार
विमान में 232 यात्री सवार थे। फिलहाल रनवे संख्या 28 को बंद कर दिया गया है और स्विस एयर ने यात्रियों के लिए होटल और दूसरी उड़ानों का इंतजाम करने के लिए एक टास्क फोर्स तैनात की है।
ब्लैक बॉक्स की होगी जांच
विशेषज्ञों की टीम विमान के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि घटना के समय विमान के अंदर अचानक धुआं भरने लगा था, जिससे घबराहट फैल गई। हालांकि क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी यात्रियों को शांत रखा और सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 26 April 2026 at 11:04 IST