'डियर प्रेसिडेंट Donald Trump', बंगाल चुनाव को लेकर ट्रंप पर क्यों आगबबूला हुए संजय राउत? पत्र लिखकर बोले- बाहरी का हस्तेक्षप अनुचित…
Sanjay Raut writes to Donald Trump: शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने बंगाल चुनावों के लिए अपने समर्थन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिखा है। राउत ने लिखा कि ऐसी व्यापक धारणा है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष होकर काम नहीं किया।
Sanjay Raut writes to Trump: पश्चिम बंगाल में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की निर्णायक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बधाई दी थी। इसी मामले में शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया X (पहले ट्विटर) पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टैग करते हुए एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने ट्रंप को खूब खरीखोटी सुनाई।
संजय राउत ने लिखा, “प्रिय राष्ट्रपति @realDonaldTrump, नमस्कार। भारत के एक सांसद के तौर पर, मैं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आपकी बधाई दिए जाने की खबरों के जवाब में यह पत्र लिख रहा हूँ।”
‘बंगाल चुनाव भारत का आंतरिक मामला’
उन्होंने आगे कहा, "ये राज्य-स्तरीय चुनाव हैं- जो भारत के संघीय लोकतंत्र का एक आंतरिक मामला है। इसमें किसी भी बाहरी समर्थन का हस्तक्षेप करना जल्दबाजी और अनुचित लगता है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इस संबंध में कुछ गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। कई शिकायतों में डर, धमकी और सिस्टमिक दबाव के माहौल का आरोप लगाया गया है। आम तौर पर यह माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष होकर काम नहीं किया और उसका काम BJP के पक्ष में लग रहा था, जिससे इंस्टीट्यूशनल न्यूट्रैलिटी पर सवाल उठ रहे हैं।
‘सेंट्रल फोर्स की तैनाती से भरोसे के बजाय दबाव पैदा हुआ’
राउत ने आगे यह भी बताया कि सेंट्रल फोर्स की बड़े पैमाने पर तैनाती के बारे में भी आरोप उतने ही परेशान करने वाले हैं, जिनके बारे में कई लोगों का मानना है कि इससे भरोसे के बजाय दबाव पैदा हुआ। यही नहीं ममता बनर्जी समेत सीनियर नेताओं ने इस प्रोसेस की निष्पक्षता के बारे में सबके सामने चिंताएं जताई हैं। ये एक बड़ी बेचैनी को दिखाते हैं जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राउत ने ट्रंप से सवाल पूछते हुए लिखा, ‘लोकतंत्र सिर्फ चुनावों के बारे में नहीं, बल्कि यह पक्का करने के बारे में भी है कि इलेक्शन्स आजाद, निष्पक्ष और भरोसेमंद हों। जब गंभीर आरोप लगते हैं, तो उनकी जांच होनी चाहिए, जश्न नहीं। क्या आपके बयान से पहले इन चिंताओं पर विचार किया गया था?’ इसके बाद राउत ने डेमोक्रेटिक वैल्यूज पर ट्रंप के जोर को देखते हुए अपील की कि वे मामले में ज्यादा जानकारी और बैलेंस्ड नजरिया अपनाएं।
ट्रंप ने PM मोदी को बधाई दी
बता दें, पश्चिम बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद ट्रंप ने PM मोदी को बधाई दी थी। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने बताया था कि "अभी पिछले महीने ही, अपनी एक फोन कॉल के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की थी और कहा था कि भारत कितना भाग्यशाली है कि उसे मोदी जैसा नेता मिला।"
उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी को इस हालिया, ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई देते हैं।”
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 13:19 IST