अपडेटेड 9 April 2025 at 19:25 IST
मानवता शर्मसार: 6 दिन में 23 लड़कों ने की दरिंदगी, अब भी सदमें में वाराणसी की बिटिया, घर के लड़कों को देखकर भी चीखने लगती है
पीड़िता के आरोप के मुताबिक 29 मार्च को उसका एक साथी शहर के पिशाच मोचन इलाके में उसे अपने साथ हुक्काबार ले गया था। वहां कुछ और युवक भी आ गए।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में युवती के साथ हैवानियत का एक बड़ा मामला सामने आया है। 19 वर्षीय पीड़िता का अपहरण करके लगातार 6 दिनों तक 23 लोगों ने की दरिंदगी। हैवानियत का ये खेल 6 दिनों तक वाराणसी के होटलों, कैफे, चलती कार के बीच जिसने जहां चाहा वहीं उसके साथ दरिंदगी की। पीड़िता इतनी सहम गई है कि अब वो घर में अपने परिवार के लड़कों को देखने के बाद सहम जा रही है और उन्हें देखते ही जोर-जोर से चीखने लगती है। पुलिस ने बताया कि इनमें से 9 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। युवती का आरोप है कि उसके साथ 29 मार्च से 4 अप्रैल के बीच अलग-अलग जगहों पर गैंगरेप किया गया। वाराणसी के हुकुलगंज इलाके की रहने वाली पीड़िता इंटरमीडिएट की छात्रा है।
पीड़िता स्पोर्ट्स कोर्स में दाखिले के लिए तैयारी कर रही थी और यूपी कॉलेज में रनिंग के लिए भी जाती थी। पीड़िता के आरोप के मुताबिक 29 मार्च को उसका एक साथी शहर के पिशाच मोचन इलाके में उसे अपने साथ हुक्काबार ले गया था। वहां कुछ और युवक भी आ गए। पीड़िता के मुताबिक उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया था और फिर सिगरा क्षेत्र के अलग-अलग होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पीड़िता 29 मार्च से ही लापता थी। बेटी के साथ हुई दरिंदगी पर पिता भावुक हो कर बताते हैं कि उसको नॉर्मल होने में 48 घंटे का समय लगा। फिर उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की कहानी जब बयां की तो दिल बैठ गया।
बेटी के साथ हुई हैवानियत पर पिता ने जाहिर किया दुख
पीड़िता के पिता ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया,'मेरी बेटी 29 मार्च को अचानक लापता हो गई। दोस्तों, रिश्तेदारी सब जगह ढूंढा। उसके दोस्त दानिश और आयुष को भी फोन किए। 4 अप्रैल की सुबह पुलिस ने मेरी बेटी को घर पहुंचाया। वह बेसुध थी, हालत बिल्कुल ठीक नहीं थी।' उन्होंने आगे कहा, 'मेरी बेटी के साथ 6 दिन में 23 लड़कों ने हैवानियत की, फिर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने पहले हमारी मदद तक नहीं की लेकिन जब मीडिया ने बार-बार इस मामले पर दबाव डाला तब जाकर 7 अप्रैल को FIR दर्ज की। बेटी अब घर के लड़कों को भी देखकर चीख उठती है।' बेटी ने उन आरोपियों के नाम बताए जो उसको साथ लेकर गए थे। बेटी ने बताया कि वो अपने क्लासमेट दानिश, साजिद, राज खान और आयुष के साथ 29 अप्रैल को गई थी। बेटी ने जिन क्लासमेट्स पर भरोसा किया था उन्होंने ही उसे धोखा दे दिया।
गैंगरेप मामले में पुलिस की कार्रवाई: 23 आरोपियों में से 9 को जेल भेजा गया
वाराणसी गैंगरेप के एक मामले में पुलिस ने 23 आरोपियों में से 9 को जेल भेजने की प्रक्रिया को मंगलवार को एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत पूरा किया। इन आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उन्हें रात के अंधेरे में कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पहले आरोपियों का मेडिकल अस्पताल में करवाया और फिर उन्हें पुलिस लाइन में लाया। इसके बाद, आरोपियों को घुमाया गया और जिला जेल भेजने से पहले उन्हें एक बार फिर पुलिस लाइन से जिला जेल ले जाया गया। इस दौरान, कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस ने कई थानों से अतिरिक्त बल की मदद ली। नौ आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने इन्हें गेट नंबर-3 से सीजेएम कोर्ट तक पहुंचाया, और हर कदम पर पुलिस के आला अधिकारी उनके मूवमेंट्स पर नजर बनाए हुए थे। कोर्ट में पेशी के बाद, जज ने मामले को गंभीर अपराध मानते हुए आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस बीच, पुलिस ने युवती के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं के विभिन्न ठिकानों की जांच के लिए तीन अलग-अलग विशेष टीमें बनाई हैं, जिन्हें अलग-अलग टास्क सौंपे गए हैं, ताकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 9 April 2025 at 19:25 IST