अपडेटेड 2 March 2025 at 21:13 IST
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलगांव में उनकी बेटी को युवकों ने किया परेशान, दर्ज करायी शिकायत
देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि आरोपी एक राजनीतिक दल से संबंधित हैं और उनमें से कुछ को गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक कार्यक्रम में लड़कों के एक समूह द्वारा उनकी बेटी और उसकी कुछ सहेलियों को परेशान करने के संबंध में रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि आरोपी एक राजनीतिक दल से संबंधित हैं और उनमें से कुछ को गिरफ्तार किया गया है। खडसे ने शुक्रवार रात मुक्ताईनगर के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान हुई इस घटना के संबंध में मुक्ताईनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ने पत्रकारों कहा, 'मैं गुजरात में थी, इसलिए मेरी बेटी ने मुझे जाने की अनुमति मांगने के लिए फोन किया। मैंने उसे एक गार्ड और दो-तीन कर्मियों को साथ ले जाने के लिए कहा। मेरी बेटी और उसके दोस्तों का पीछा किया गया एवं उन्हें धक्का दिया गया। उनके फोटो खींच लिये गये और वीडियो भी बना लिये गये। जब मेरे कर्मियों ने आपत्ति जताई, तो लड़कों ने उच्छृंखल व्यवहार किया और 30- 40 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।'
बेटी ने बताया कि सार्वजनिक कार्यक्रम में हुआ दुर्व्यवहार
खडसे ने कहा कि जब वह आज सुबह घर लौटीं तो उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि उन्हीं लड़कों ने 24 फरवरी को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि ऐसी घटनाएं किसी सांसद या केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ होती हैं, तो कल्पना कीजिए कि आम लोगों को क्या सहना पड़ता होगा।' खडसे ने बताया कि मुक्ताईनगर के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि लड़के स्कूल जाते समय लड़कियों को परेशान करते हैं।
सीएम और एसपी से केंद्रीय मंत्री ने की बात
उन्होंने कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री और पुलिस उपाधीक्षक से बात की है।' उन्होंने मांग की कि दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। फडणवीस ने रायगढ़ में पत्रकारों से कहा, 'खडसे की बेटी को परेशान करने वाले लोग एक राजनीतिक दल से हैं। स्थानीय पुलिस ने उनमें से कुछ को गिरफ्तार कर लिया है और इस संबंध में मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।' इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि महायुति सरकार में राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गयी है।
कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, 'केंद्रीय मंत्री खडसे की बेटी के साथ गुंडों द्वारा छेड़छाड़ और सुरक्षा गार्ड को धक्का दिये जाने की घटना बेहद चिंताजनक है एवं यह दर्शाती है कि राज्य में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि गृह विभाग का कामकाज संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का ध्यान कानून व्यवस्था पर नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा, 'एक मंत्री की बेटी के साथ सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी में छेड़छाड़ की गई, यह दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। फडणवीस को गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और राज्य में माताओं और बहनों की सुरक्षा के लिए राज्य को पूर्णकालिक सक्षम गृह मंत्री देना चाहिए।'
गैंग्स्टर्स को महायुति का संरक्षणः कांग्रेस
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पुलिस सुरक्षा में खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ की खबर महाराष्ट्र में एक सच्चाई है। उन्होंने दावा किया, 'मंत्री को सीधे थाने जाकर मांग करनी पड़ी कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। हम लंबे समय से कह रहे हैं कि राज्य में पुलिस का अब कोई डर नहीं रह गया है, क्योंकि गैंगस्टर को महायुति का संरक्षण प्राप्त है।' वडेट्टीवार ने कहा कि महायुति सरकार को उसके केंद्रीय मंत्री ने आईना दिखा दिया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह घटना मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को जगाएगी?
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 2 March 2025 at 21:13 IST