अपडेटेड 27 December 2025 at 13:10 IST
प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान, ईयररिंग और मोजे गायब, उदयपुर में IT कंपनी मैनेजर गैंगरेप में सनसनीखेज खुलासा, CEO समेत 3 गिरफ्तार
उदयपुर की एक IT कंपनी में CEO के जन्मदिन की लेट नाइट पार्टी के बाद महिला मैनेजर के साथ CEO जितेश सिसौदिया, महिला एग्जीक्यूटिव हेड शिल्पा सिरोही और उसके पति गौरव सिरोही ने कथित तौर पर गैंगरेप किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
Udaipur Gangrape Case : राजस्थान के उदयपुर शहर में एक निजी IT कंपनी की महिला मैनेजर के साथ हुई गैंगरेप की वारदात ने पूरे देश में सनसनी मचा दी। यह वारदात 20 दिसंबर, 2025 की रात कंपनी CEO के जन्मदिन और नए साल के जश्न की पार्टी के बाद हुई।
पीड़ित महिला मैनेजर ने कंपनी के CEO जितेश सिसौदिया, महिला एग्जीक्यूटिव हेड शिल्पा सिरोही और उसके पति गौरव सिरोही पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट से चार दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।
देर रात शराब पार्टी और जश्न
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना की शुरुआत उदयपुर के शोभागपुरा इलाके में स्थित एक होटल से हुई, जहां कंपनी ने CEO के जन्मदिन और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पार्टी आयोजित की थी। पीड़ित रात करीब 9 बजे पार्टी में शामिल हुई। पार्टी में शराब परोसी गई और जश्न देर रात करीब 1:30 बजे तक चला। इस दौरान पीड़ित की तबीयत बिगड़ने लगी और वह अर्धबेहोश हो गई।
पार्टी खत्म होने के बाद महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने पीड़ित को 'आफ्टर पार्टी' का न्योता दिया और कहा कि वो उसे घर छोड़ देगी। रात करीब 1:45 बजे पीड़ित को एक कार में बैठाया गया, जिसमें पहले से CEO और महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति मौजूद थे। रास्ते में कार रोककर आरोपियों ने एक दुकान से स्मोकिंग सामग्री खरीदी और पीड़ित को जबरन स्मोकिंग कराई, जिससे वह पूरी तरह बेसुध हो गई।
प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद कार में ही तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। वह बार-बार छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने नहीं सुनी। सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ा गया। FIR के मुताबिक होश में आने पर पीड़ित ने पाया कि उसके कान की ईयररिंग, मोजे और अंडरगारमेंट्स गायब थे, साथ ही प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान थे।
मामले में सबसे महत्वपूर्ण सबूत कार के डैशकैम की रिकॉर्डिंग है, जिसमें पूरी घटना के ऑडियो-वीडियो कैद हो गए। इसी आधार पर पीड़ित ने सुखेर थाने में FIR दर्ज कराई। मेडिकल जांच में भी चोटों की पुष्टि हुई है, जो सामूहिक दुष्कर्म की ओर इशारा करती है। पुलिस ने FIR दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 27 December 2025 at 13:10 IST