अपडेटेड 15 March 2025 at 22:20 IST

'40 खाली पन्नों पर जबरन साइन, कहा नहीं तो...', गोल्ड स्मगलिंग केस में रान्या का सनसनीखेज खुलासा, पिता को फोर्स लीव पर भेजा

रान्या राव नाम से मशहूर हर्षवर्धिनी रान्या ने आरोप लगाया,'आपके अधिकारियों ने मुझे यह बताने की अनुमति नहीं दी कि मैं इस मामले में निर्दोष हूं।'

Follow :  
×

Share


'40 खाली पन्नों पर जबरन साइन, कहा नहीं तो...', गोल्ड स्मगलिंग केस में रान्या का सनसनीखेज खुलासा | Image: Instagram

सोना तस्करी मामले में मुख्य आरोपी कन्नड़ अभिनेत्री हर्षवर्धिनी रान्या ने आरोप लगाया कि राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने उससे मारपीट की और उसे खाली व पहले से लिखे कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया। रान्या ने बेंगलुरु में डीआरआई के अतिरिक्त महानिदेशक को संबोधित छह मार्च को लिखे एक पत्र में दावा किया कि उन पर झूठा मामला थोपा गया है। उन्होंने पत्र में कहा कि दुबई से लौटने पर उनके खिलाफ 14 किलोग्राम से अधिक सोना ले जाने का गलत आरोप लगाया गया था।


रान्या राव नाम से मशहूर हर्षवर्धिनी रान्या ने आरोप लगाया,'आपके अधिकारियों ने मुझे यह बताने की अनुमति नहीं दी कि मैं इस मामले में निर्दोष हूं।' अभिनेत्री ने दावा किया कि हिरासत में लिए जाने से लेकर अदालत में पेश किए जाने तक उसे 10 से 15 बार थप्पड़ मारे गए। उन्होंने आरोप लगाया, 'बार-बार मारपीट और थप्पड़ मारे जाने के बावजूद मैंने उनके (डीआरआई अधिकारियों) द्वारा तैयार किए गए बयान पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।' रान्या ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पहले से कुछ लिखे 50 से 60 और लगभग 40 खाली पन्नों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया।

 


अधिकारियों ने कहा साइन करो नहीं तो तुम्हारे पिता का...

अभिनेत्री ने दावा किया,'अधिकारियों में से एक ने मुझसे कहा कि अगर वह हस्ताक्षर नहीं करेगी तो वे मेरे पिता का नाम और पहचान उजागर कर देंगे, भले ही हम जानते हैं कि वह इसमें शामिल नहीं हैं।' रान्या पुलिस महानिदेशक रैंक के अधिकारी के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। रामचंद्र राव वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। रान्या ने ‘माणिक्य’ सहित कई फिल्मों में भी अभिनय किया है। डीआरआई ने पहले एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया था कि दुबई से आने पर तीन मार्च को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रान्या के पास से 12.56 करोड़ रुपये की सोने की छड़ें जब्त की गई थीं।


अभिनेत्री के पिता डीजीपी राम चंद्र राव को जबरन छुट्टी पर भेजा गया

दक्षिण भारत की अभिनेत्री रान्या राव के सौतेले पिता रामचंद्र राव कर्नाटक में डीजीपी हैं। उनकी सौतेली बेटी रान्या राव के सोने की तस्करी मामले में गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद ही उन्हें अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया है। जैसे ही इस मामले में जांच शुरू हुई सबसे पहले पुलिस महानिदेशक (कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम) के रामचंद्र राव को छुट्टी पर भेजने का आदेश जारी कर दिया गया। सरकार द्वारा जारी किए गए इस आदेश में कोई वजह नहीं बताई गई है। इस महीने की शुरुआत में रान्या राव बेंगलुरु हवाई अड्डे से सोने की तस्करी के मामले में गिरफ्तार की गईं थीं। इस दौरान एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारियों ने अभिनेत्री के पास 14.8 किलोग्राम सोना बरामद किया था।

यह भी पढ़ेंः आंख के नीचे डार्क सर्किल, शरीर पर चोट के निशान... एक्ट्रेस रान्या की गिरफ्तारी के बाद पहली फोटो वायरल! DRI का बड़ा खुलासा

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 15 March 2025 at 22:19 IST