सोशल मीडिया पर रोमांस, फिर पीयूष ने भरी पूनम की मांग... संबंध बनाने से करता रहा इनकार, पत्नी को शेविंग करते देखा तो खुला राज, उतारा मौत के घाट
Rajkot Murder Case: सोशल मीडिया की वर्चुअल दुनिया में किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा करना जिंदगी पर कितना भारी पड़ सकता है। इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला गुजरात के राजकोट से सामने आया है।
- भारत
- 3 min read
Rajkot, Gujarat Crime News: आजकल सोशल मीडिया पर दोस्ती और प्यार होना बहुत आम बात हो गई है, लेकिन यह प्यार कभी-कभी कितना भयानक रूप ले सकता है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला गुजरात के राजकोट से सामने आया है। यहां एक 20 साल के युवक ने अपनी उस 'पत्नी' की हत्या कर दी, जो असल में एक पुरुष निकला। तो चलिए जानते हैं कैसे सोशल मीडिया का यह झूठा प्यार एक खौफनाक मर्डर में बदल गया:
प्यार की शुरुआत और 'झूठी' शादी
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला 20 साल का पीयूष कुमार खरवार फेसबुक और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करता था। इसी दौरान उसकी पहचान 'निशा कुमार' और 'पूनम' नाम की आईडी वाली एक 'लड़की' से हुई।
पीयूष को उससे प्यार हो गया और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि पीयूष ने उस 'लड़की' की मांग में सिंदूर भर दिया और उसे अपनी पत्नी मानकर उसके साथ लिव-इन में रहने लगा।
शेविंग करते देखा, तो खुला खौफनाक राज
दोनों साथ तो रह रहे थे, लेकिन जब भी पीयूष अपनी 'पत्नी' के करीब जाने की कोशिश करता, वह धार्मिक कसमों का बहाना बनाकर शारीरिक संबंध बनाने से मना कर देती थी।
एक दिन पीयूष ने कुछ ऐसा देखा, जिससे उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने अपनी पत्नी को शेविंग करते यानी दाढ़ी बनाते हुए पकड़ लिया। तब जाकर यह राज खुला कि जिसे वह लड़की समझकर पत्नी मान चुका है, वह दरअसल एक लड़का है, जिसका असली नाम चंदन कुमार है। चंदन ने लड़की बनकर पीयूष का भरोसा जीता था क्योंकि वह एक गे था और पीयूष के साथ संबंध बनाना चाहता था।
पीछा करते हुए राजकोट पहुंचा चंदन और फिर...
इस खुलासे के बाद दोनों के बीच भयंकर झगड़े शुरू हो गए। पीयूष उससे पीछा छुड़ाकर भागने लगा। वह चंदन से बचने के लिए हैदराबाद से यूपी, फिर राजस्थान और अंत में गुजरात के राजकोट आ गया।
लेकिन चंदन ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और वह भी राजकोट पहुंच गया। 21 जून को पीयूष के काम करने की जगह पर दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई।
चंदन से पूरी तरह परेशान हो चुका पीयूष उसे बातों में उलझाकर रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने चंदन के सिर पर बड़े पत्थरों से जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह लाश को वहीं छिपाकर वापस अपने काम पर लौट आया।
कैसे सुलझी हत्या की गुत्थी?
25 जून को राजकोट पुलिस को मस्कत फाटक के पास एक सड़ी-गली लाश मिली। मृतक ने महिलाओं वाले कपड़े पहने थे, बाल लंबे थे और हाथ पर 'पीयूष' नाम का टैटू था। पहले पुलिस को लगा कि यह किसी महिला की लाश है, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि यह एक पुरुष का शव है और उसके सिर पर भारी चीज से वार करके हत्या की गई है।
पुलिस को जांच के दौरान 4 सेकंड का एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें पीयूष नजर आ रहा था। पुलिस ने लेबर कंपनियों की मदद से पीयूष की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर पीयूष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पीयूष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मर्डर का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 4 July 2026 at 21:19 IST