अपडेटेड 12 June 2025 at 13:00 IST
हनीमून, चैटिंग और 'राज'...शिलॉन्ग पुलिस ने सोनम से पूछे ये 13 अहम सवाल, राजा रघुवंशी मर्डर केस में अभी और होंगे खुलासे
शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या में गिरफ्तार पत्नी सोनम, कथित प्रेमी राज और तीन साथियों को शिलांग पुलिस ने बुधवार को जिला कोर्ट में पेश किया।
शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या में गिरफ्तार पत्नी सोनम, कथित प्रेमी राज और तीन साथियों को शिलांग पुलिस ने बुधवार को जिला कोर्ट में पेश किया। शिलांग खासी हिल्स ईस्ट के एडिशनल एसपी आशीष सिंह ने बताया, सभी को 7 दिन की रिमांड पर लिया है। इस बीच पूछताछ में सोनम ने कबूला-हां, मैंने अन्य लोगों की मदद से राजा की हत्या कराई।
मेघालय पुलिस सोनम रघुवंशी को कल क्राइम सीन पर ले जा सकती है और सीन रि-क्रिएट करा सकती है। सोनम के साथ अन्य आरोपियों को भी पुलिस क्राइम सीन पर ले जाएगी। वहीं इस बीच रिपब्लिक भारत ने मेघालय पुलिस द्वारा सोनम से पूछे गए सवालों को एक्सेस किया है। पुलिस ने सोनम से 13 सवाल पूछे।
ये हैं वो 13 अहम सवाल
- आपने और राजा ने मेघालय का हनीमून कब प्लान किया था?
- वापसी की टिकट क्यों नहीं बुक की गई थी? क्या यह पहले से योजना का हिस्सा था?
- क्या आप शादी से पहले राज कुशवाहा को जानती थीं? आपके बीच लगातार संपर्क के सबूत हैं।
- एन्क्रिप्टेड ऐप चैट से पता चलता है कि आप हनीमून के दौरान भी राज के संपर्क में थीं। आप दोनों किस बारे में बात कर रहे थे?
- आपकी लाइव लोकेशन आरोपी व्यक्तियों के साथ क्यों साझा की जा रही थी?
- 23 मई को मावलाखियात में आपको राजा और तीन हिंदी बोलने वाले पुरुषों के साथ देखा गया था। आप उनके बारे में क्या बता सकती हैं?
- स्थानीय गाइड अल्बर्ट पडे का कहना है कि आपने 22 मई को उसकी सेवा लेने से इनकार कर दिया और अगले दिन भी उसे टालती रहीं। ऐसा क्यों किया?
- अल्बर्ट ने जिन तीन लोगों की पहचान की है, वे वही हैं जिन्हें बाद में राजा की मौत से जोड़ा गया है। क्या उन्हें आपने या राज ने हायर किया था?
- पुलिस को राजा की स्मार्टवॉच और फोन से उनकी लोकेशन उन्हीं लोगों के साथ ओवरलैप होती मिली। जबकि आपकी ज्वेलरी नहीं छुई गई लेकिन राजा का ₹10 लाख का सोना गायब है। आप इसे कैसे समझाती हैं?
- राजा की मां का कहना है कि वह मेघालय नहीं जाना चाहता था और आपके दबाव में गया था। क्या आपने उस पर ज़बरदस्ती की थी?
- शादी के वीडियो में आप रस्मों के दौरान असहज और उदास दिख रही हैं। पहले भी आपने इस रिश्ते में रुचि नहीं दिखाई थी। फिर शादी क्यों की?
- जांच में आपके और राज कुशवाहा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने के लिए पर्याप्त सबूत मिले हैं। आपका जवाब क्या है?
- क्या आपने राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी?
राजा रघुवंशी हत्याकांड में फिलहाल सीबीआई जांच की जरूरत नहीं: CM
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा है कि वे पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि बाद में जरूरत पड़ने पर ही पुनर्विचार संभव है। संगमा ने कहा, ‘फिलहाल सीबीआई जांच की कोई जरूरत नहीं है। मेघालय पुलिस ने शानदार काम किया है। उनकी जांच की पुष्टि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस दोनों ने की है। गिरफ्तारियां तभी की गईं, जब खुफिया ब्यूरो समेत सभी संतुष्ट हो गए। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि जांच पूरी होने के बाद ये सभी मांगें खत्म हो जाएंगी और वे मेघालय पुलिस की जांच से सहमत हो जाएंगे। लेकिन अगर कुछ संदेह है…और कुछ खामियां हैं, तो हम इस पर विचार कर सकते हैं।’
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 12 June 2025 at 13:00 IST