अपडेटेड 8 July 2024 at 11:27 IST
Punjab: पानी विवाद में करीब 60 राउंड फायरिंग, गुरदासपुर में दो परिवारों के बीच खूनी खेल... 4 मरे
पंजाब के गुरदासपुर में दो गुटों के बीच जबरदस्त टकराव की खबर आई है। यहां पानी को लेकर दो परिवारों में खूनी झड़प हुई है, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई।
Gurdaspur News: पंजाब के गुरदासपुर में दो गुटों के बीच जबरदस्त टकराव की खबर आई है। यहां पानी को लेकर दो परिवारों में खूनी झड़प हुई है, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई। बताया जाता है कि ताजा विवाद पानी को लेकर था, जिसको लेकर दोनों गुटों ने एक दूसरे के लिए बंदूकें निकाल लीं। दोनों गुटों ने एक दूसरे के ऊपर गोलियां बरसाईं, जिससे 4 लोग मर गए।
मामला गुरदासपुर के श्री हरगोबिंदपुर के लैटा वाला चौक स्थित विठवां गांव का है, जहां पानी के मुद्दे को लेकर दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई। जानकारी के मुताबिक, बुड्ढा सिंह के बेटे अंग्रेज सिंह और सेक्रेटरी तरसेम सिंह के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। अभी पानी के ताजा विवाद में रविवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों के बीच गोली चल गईं। बताया जाता है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर करीब 60 राउंड फायरिंग की।
4 की मौत, 6 घायलों का इलाज जारी
गोलीबारी के दौरान 10 लोग घायल हो गए थे, जिनमें से बाद में 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बलजीत सिंह पुत्र बुद्ध सिंह, शमशेर सिंह पुत्र निरंजन सिंह , निर्मल सिंह पुत्र दीवान सिंह और बलराज सिंह पुत्र रवेल सिंह शामिल हैं। अभी 6 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने कारतूस बरामद किए
पूरे विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी राजेश कक्कड़ ने एसएचओ सतपाल सिंह के साथ घटनास्थल का दौरा किया। उसके बाद पुलिस ने मामले में तफ्तीश शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज में जो भी दोषी पाया जाएगा उसकी जांच की जाएगी। पुलिस ने बारह बोर के 11 जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूस बरामद किए हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 8 July 2024 at 11:27 IST