Pune: नसरापुर में 4 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या मामला, आरोपी को लेकर क्राइम सीन पहुंची पुलिस

पुणे के नसरापुर में 4 साल की बच्ची से रेप और हत्या के बाद एक तरफ सियासत गर्म हो तो दूसरी ओर पुलिस भी गहन जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी के साथ क्राइम सीन रीक्रिएट किया है। आरोपी को क्राइम सीन लेजाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर।

Follow :  
×

Share


नसरापुर में 4 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या मामला | Image: Representative Freepik

Pune Nasrapur Case: महाराष्ट्र के पुणे जिले से रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने झकझोर कर रख दिया। भोर तहसील के नसरापुर गांव में एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया है।

आरोपी को क्राइम सीन पर लेकर पहुंची पुलिस 

एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस की टीम भारी सुरक्षा के बीच आरोपी को नसरापुर के उस क्राइम सीन पर लेकर पहुंची जहां इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने घटना का सीक्वेंस (घटनाक्रम) फिर से बनाया ताकि पुख्ता सबूत इकट्ठा किए जा सकें। इस दौरान इलाके में पुलिस का कड़ा पहरा रहा।

सियासी गलियारों 'लाड़की बहन' योजना पर तंज 

इस घटना ने अब एक बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। विपक्षी दलों ने सीधे तौर पर देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लिया है। विपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार 'लाड़की बहन' योजना के तहत 1500 रुपये तो दे रही है, लेकिन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सिर्फ राजनीति में व्यस्त रहने का आरोप लगाया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इसे मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि राज्य में अब कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।

SIT जांच की मांग  

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को कोर्ट से छिपाने की कोशिश की। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच के लिए एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया जाए। साथ ही, प्रदर्शन कर रहे परिवार पर लाठीचार्ज करने को लेकर भी पुलिस की कड़ी आलोचना हो रही है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस- CM फडणवीस

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि इस केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी। सरकार आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी। इसके साथ ही इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल, नसरापुर और आसपास के इलाकों में जनता के बीच भारी आक्रोश है और लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 9 मई को सुबह 10 बजे बंगाल में होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 6 May 2026 at 21:32 IST