अपडेटेड 26 March 2026 at 13:19 IST
रेप के बाद नरबलि का भी एंगल, कई पक्षियों की खाल और जानवरों के नाखून बरामद, ढोंगी बाबा अशोक खरात के काले कारनामों का खुलासा
ढोंगी बाबा अशोक खरात रेप और तंत्र-मंत्र के बाद, जानवरों के शिकार में भी लिप्त; जांच में वन विभाग शामिल; जानें अभी तक क्या-क्या मिला?
Tantrik Ashok Kharat Rape: महाराष्ट्र के नाशिक में खुद को बड़ा अंक ज्योतिषी और न्यूमेरोलॉजिस्ट बताने वाले अशोक खरात उर्फ 'कैप्टन' की काली दुनिया के पन्ने एक के बाद एक खुलते जा रहे हैं। दुष्कर्म के आरोपों में घिरे अशोक खरात के खिलाफ कई FIR दर्ज हो चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित की गई SIT हर दिन नए खुलासे कर रही है। वहीं, अब इस जांच में महाराष्ट्र का वन विभाग भी शामिल हो गया है।
वन्यजीवों के अंगों से तंत्र-मंत्र का शक
जांच के दौरान अशोक खरात के फार्म हाउस और घर से कई प्रतिबंधित पक्षियों, जानवरों की खाल और नाखून बरामद हुए हैं। वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इन जानवरों का शिकार खुद बाबा ने करवाया था? सूत्रों के मुताबिक, बाबा अपने भक्तों को कस्तूरी हिरण का इत्र देता था, जिसके लिए इगतपुरी इलाके में हिरण के शिकार की जानकारी मिली। नाशिक में सिन्नर के मिरगांव मंदिर में खरात 'अघोरी विद्या' के नाम पर जानवरों की बलि देता था। इसलिए पुलिस अब इस मामले में 'नरबलि' के एंगल से भी तफ्तीश कर रही है।
शोषण का डरावना पैटर्न, पढ़ें FIR में लिखी कहानी
- पुलिस जांच में खरात के शोषण का एक तय पैटर्न सामने आया है। वह महिलाओं को तंत्र-मंत्र और दैवीय शक्तियों का डर दिखाकर जाल में फंसाता था।
- गर्भवती महिला से दरिंदगी वाली घटना में एक 7 महीने की गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव का झांसा देकर ढोंगी बाबा ने अंधेरे में रेप किया।
- एक अन्य केस में शादी का झांसा और गर्भपात कराया, जहां एक महिला को तलाक के बाद शादी का सपना दिखाकर शोषण किया और गर्भ ठहरने पर जबरन गर्भपात उसका कराया।
- इसके अलावा धमकी वाले मामले में एक 28 साल की महिला को उसके पति के साथ रिश्तों को लेकर ब्लैकमेल कर 2 साल तक दुष्कर्म किया।
- FIR के मुताबिक, परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मंदिर में नकली सांप-बाघ दिखाकर डराने का आरोप भी है। इस FIR में यह भी आरोप है कि आरोपी ने लोगों से पैसे भी ऐंठे और अंधविश्वास का माहौल बनाया गया।
- अन्य FIR में अक्टूबर 2024 की घटना का जिक्र है, महिला और उसके पति को ऑफिस बुलाया गया। फिर पति को बाहर भेजकर महिला को अकेले में रोका गया। ’दिव्य शक्ति’ का दावा कर अशोक खरात पर शरीर को छूने और अनुचित हरकतों के आरोप है।
- अप्रैल 2022 से दिसंबर 2024 तक की घटनाओं का जिक्र करते हुए भी एक FIR दर्ज हैं। बेटा होने और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का लालच देकर तांबे के बर्तन से पानी पिलाया गया। फिर मेवे खिलाना और इसके बाद धीरे-धीरे विश्वास बनाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप अशोक खरात पर है। पीड़िता को कहा गया कि ‘मेरे साथ संबंध बनाकर तुम पवित्र हो जाओगी’।
- FIR में सबसे लंबे वक्त 2014 से 2024 तक के आरोप शामिल हैं। इस FIR में आरोप है कि अशोक खरात ने फोन पर खुद को ‘भगवान शिव का अवतार’ बताया था। मना करने पर बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने की धमकी भी दी थी। इस FIR में भी जादू-टोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गणित में फेल, लेकिन खुद को बताता था ‘अंक ज्योतिषी’
अशोक खरात की मार्कशीट ने उसके ज्ञान के दावों की पोल खोल दी है। स्कूल रिकॉर्ड के मुताबिक उसका असली नाम लक्ष्मण खरात है और वह 10वीं क्लास में गणित में फेल हो गया था। विडंबना यह है कि गणित में फेल होने वाला शख्स खुद को 'न्यूमेरोलॉजी' (अंकशास्त्र) का विशेषज्ञ बताकर लोगों को ठग रहा था।
फिलहाल अशोक खरात पुलिस की गिरफ्त में है और प्रशासन उसके पूरे नेटवर्क के बारे में जांच कर रही है। नाशिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई और भी इसका शिकार हुआ है, तो निडर होकर सामने आए।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 26 March 2026 at 13:19 IST