'मैं भागी नहीं हूं, मेरा नाम नेताओं के साथ... ', शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे पहली बार आई सामने; VIDEO जारी कर बताया कब करेगी सरेंडर

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की फरार आरोपी श्रद्धा दुबे पहली बार सामने आई है। श्रद्धा ने वीडियो जारी कर सफाई दी है और बताया है कि वो पुलिस के सामने सरेंडर करना चाहती है।

 
Follow :

लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पहली बार सामने आई है। उसने अपने ऊपर लगे सारे आरोपों को निराधार बताया है। शिवा शर्मा हत्याकांड में हजरतगंज पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई है। पुलिस श्रद्धा के सहयोगी को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। इस बीच फरार आरोपी श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी कर सफाई दी है।

श्रद्धा ने दावा किया है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी। श्रद्धा ने कहा कि वे देश छोड़कर नहीं भागी हैं, बल्कि पुलिस के सामने आकर अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं। बता दें कि पुलिस ने श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनाम की घोषणा के बाद उन्होंने वीडियो जारी किया है।

वीडियो में श्रद्धा ने क्या कहा?

वीडियो में श्रद्धा कहती हैं, “मेरा आप सभी से अनुरोध है कि मेरे नाम को ऐसे मत उछालिए। हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। आप लोगों ने कई नेताओं और अधिकारियों के साथ बेवजह मेरा नाम जोड़ दिया है। अगर मेरे इंस्टाग्राम पर कोई एड है तो भी ऐसी अफवाहें मत फैलाइए। मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है। मैं किसी को नहीं जानती। मैं कहीं गायब नहीं हूं। मैं पुलिस में आकर बयान देना चाहती हूं और जो कुछ भी सच है, वह सब बताना चाहती हूं। किसी भी लड़की के बारे में बोलने से पहले सौ बार सोचिए। मेरा क्या गुनाह है? मैंने कुछ नहीं किया।”

शिवा ने आत्महत्या की है-श्रद्धा दुबे

श्रद्धा ने आगे कहा कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं, आत्महत्या हुई थी। वे यह बात बताना चाहती थीं, लेकिन इस समय उनकी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है। श्रद्धा ने कहा कि अगर किसी के घर से कोई कूदकर जान दे देता है, तो उसकी क्या हालत होगी ये आप समझ सकते हैं। गौरतलब है कि श्रद्धा ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि शिवा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उनके बीच क्या संबंध थे, तल्खियां क्यों थीं और आत्महत्या के पीछे क्या वजह थी।

पुलिस में बयान दर्ज करने की कही बात

आरोपी श्रद्धा ने दो हिस्सों में अपना वीडियो जारी किया है। वीडियो में वे शारीरिक रूप से फिट दिख रही हैं और उनकी आवाज भी सामान्य है। उन्होंने पुलिस में आकर बयान देने की इच्छा जताई है, लेकिन अब तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है, जबकि पुलिस उन्हें तलाश रही है। वीडियो में उसने सरेंडर करने की बात भी कही है ओर खुद को संभावित हाई-प्रोफाइल नामों को बचाने की कोशिश साफ झलकती है। बता दें कि घटना के बाद से ही श्रद्धा फरार है। उसके नेपाल भागने तक के कयास लगाए जा रहे थे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: शिवा शर्मा हत्याकांड केस में फरार आरोपी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दूबे समेत 3 पर 25 हजार का इनाम, 6 पुलिस की टीमें कर रही है तलाश

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 10:12 IST