अपडेटेड 15 December 2025 at 23:14 IST
कौन था राणा बलाचौरिया? जिसकी कबड्डी टूर्नामेंट में हुई हत्या, सेल्फी लेने के बहाने पास आए थे हमलावर, बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी
राणा बलाचौरिया के पास हमलावर सेल्फी लेने के बहाने पहुंचे और उन पर करीब से गोलियां चलाईं। राणा को सिर और चेहरे पर कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है।
Rana Balachauria Murder : पंजाब के मोहाली जिले के सोहाना क्षेत्र में चल रहे एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान सोमवार शाम अचानक अंधाधुंध फायरिंग हो गई। इस घटना में कबड्डी खिलाड़ी और टूर्नामेंट प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल मोहाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात को 2 से 3 बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाशों ने राणा बलाचौरिया को कहा कि वो उनके फैन हैं और राणा के साथ फोटो खिंचाना चाहते हैं। हमलावरों ने पहले राणा बलाचौरिया के साथ फोटो खिंचाई और फिर गोलियों से भूनकर मोटरसाइकिल पर सवार होका फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने 7 से 8 राउंड फायरिंग की है। इस फायरिंग में राणा बलाचौरिया को चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से पर कई गोलियां लगी।
कुछ दिन पहले हुई थी शादी
राणा बलाचौरिया की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। वो कबड्डी के साथ-साथ मॉडलिंग और एक्टिंग से भी जुड़े थे। उनके निधन से खेल जगत और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहाली के SSP हरमनदीप सिंह हंस ने कहा, "सोहाना में कबड्डी मैच चल रहा था। वहां 2-3 लोगों ने फायरिंग की। पीड़ित राणा बलाचौरिया घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।" पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।"
बंबीहा गैंग का नाम आया सामने
राणा बलाचौरिया का असली नाम कंवर दिग्विजय सिंह था, जो पंजाबी कबड्डी खिलाड़ी और टूर्नामेंट प्रमोटर थे। एक अनुभवी कबड्डी प्लेयर होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर कबड्डी टूर्नामेंट्स आयोजित करने में सक्रिय भूमिका निभाते थे। खबरों के अनुसार इस हमले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है। इस वारदात को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बदले से जोड़ा गया है। गैंग का दावा है कि राणा ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को सहायता प्रदान की थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
टूर्नामेंट में पहुंचने वाले थे मनकीरत औलाख
जानकारी के मुताबिक जिस वक्त ये वारदात हुई उसके महज 20 मिनट बाद ही पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख का टूर्नामेंट में आने का कार्यक्रम था, लेकिन फायरिंग की सूचना मिलते ही वे वापस लौट गए। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के वक्त मनकीरत औलख का नाम भी आया भी था। इस घटना ने पंजाब में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी नेताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 15 December 2025 at 23:14 IST