BREAKING: प्रॉपर्टी के लिए की गई DU महिला प्रोफेसर की हत्या, बंगाल से हत्यारे पति-पत्नी गिरफ्तार; दिल्‍ली पुलिस ने दो दिनों में किया हत्याकांड का खुलासा

डीयू की असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बंगाल के एक दंपत्ति को दबोचा है।

 
Follow :
DU Assistant Professor Murder Case | Image: x

Assistant Professor Murder: दिल्ली पुलिस ने न्यू अशोक नगर में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के शिवाजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो मुख्य आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतका प्रोफेसर की पश्चिम बंगाल में अपने नाना की एक संपत्ति थी, जिसमें आरोपी पति-पत्नी किराएदार के रूप में रह रहे थे। वे कथिततौर पर उस संपत्ति को हासिल करने की फिराक में थे, जिसके लिए दोनों प्रोफेसर पर लगातार दबाव बना रहे थे। 

हथियार से महिला प्रोफेसर की हत्या

बताया जा रहा है कि हत्या वाले दिन आरोपी पति-पत्नी प्रोफेसर से मिलने के बहाने बंगाल से दिल्ली पहुंचे। वह अपने बच्चे के साथ सोसायटी में सामान्य तरीके से दाखिल हुए जिससे कि किसी को कोई शक न हो। इसके बाद उन्होंने अपने साथ लाए हथियार से महिला प्रोफेसर की निर्मम हत्या कर दी। दोनों आरोपी वेस्ट बंगाल के वर्धमान में रहते हैं। 

क्या है पूरा मामला?

4 जून की दोपहर को डीयू के शिवाजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस को एक पीसीआर कॉल के जरिये इस वारदात की सूचना मिली।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे एक महिला ने रोते हुए फोन किया कि वसुंधरा एन्क्लेव में स्थित 'सत्यम अपार्टमेंट' के फ्लैट में उसकी बहन का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतिका की पहचान देवोस्मिता पॉल (45) के रूप में हुई।

दिल्ली लाए जा रहे आरोपी

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस के मुताबिक, असिस्टेंट प्रोफेसर की हाथ की नस कटी हुई मिली थी। हालांकि घर में किसी तरह की लूटपाट नहीं हुई। घर में कैश और कीमती ज्वेलरी सुरक्षित पड़े थे।

इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्यारों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। आखिरकार दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिल्ली लाया जा रहा है। इसके बाद दोनों की अदालत में पेशी होगी, जहां पुलिस उनकी रिमांड मांग सकती है।

यह भी पढ़ें: केदारनाथ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार गहरी खाई में गिरी, तभी देवदूत बनकर आए SDRF जवान; फौरन रेस्‍क्‍यू का बचाई जान- VIDEO

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 7 June 2026 at 12:18 IST