Delhi Crime: दिल्ली में बेखौफ अपराधी, सुल्तानपुरी में स्कूटी सवार 3 युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत; पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में बैखौफ अपराधियों ने स्कूटी सवार 3 युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 24 साल के हर्ष की मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में घर लौट रहे तीन युवकों पर रविवार रात चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में 24 साल के हर्ष की मौत हो गई, जबकि उसके साथी जतिन घायल हो गए। पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे के अंदर एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे चाकू हमले की पीसीआर कॉल मिली थी। हर्ष, जतिन और 20 वर्षीय कृष्ण स्कूटी से घर जा रहे थे। घर के पास पहुंचते ही दो-तीन व्यक्ति दौड़ते हुए आए और उन पर चाकू से वार करने लगे। हर्ष के सीने में चाकू लगा। उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जतिन की बाईं जांघ में चाकू लगा था। तीसरे युवक कृष्ण की स्थिति को लेकर कोई सही जानकारी सामने नहीं आई है।
हर्ष के सीने में चाकू लगने से मौत
जतिन की शिकायत पर सुल्तानपुरी थाने में FIR संख्या 617/26 दर्ज की गई। शुरुआत में मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत दर्ज किया गया था। हर्ष की मौत के बाद इसमें हत्या की धारा 103 BNS भी जोड़ दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर जांच कर रही है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके में दबिश जारी है।
CCTV खंगाल रही है पुलिस
जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला किस कारण हुआ और वारदात में कौन-कौन शामिल था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 26 October 2026 at 21:15 IST