'एकतरफा बातचीत'; CM फडणवीस ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर साधा निशाना, कहा- सिर्फ LoP द्वारा चुने हुए छात्र
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि इसमें सिर्फ चुने हुए छात्रों को ही बुलाया गया था। आगे उन्होंने इसे एक नियंत्रित एकतरफा बातचीत बताया।
- भारत
- 2 min read
Devendra Fadnavis hits Chhatron Ki Goonj: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में 22 अगस्त को होने वाले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम को "नियंत्रित एकतरफा बातचीत" बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम खास तौर पर चुने गए लोगों के साथ आयोजित किया जा रहा है ताकि सिर्फ एक खास विचारधारा को मानने वाले लोग ही इसमें शामिल हों। मीडिया से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि इस बातचीत में आम छात्र समुदाय के साथ होने वाली सच्ची बातचीत जैसी पारदर्शिता की कमी है।
सिर्फ कांग्रेस द्वारा चुने हुए छात्र
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, "मेरा मानना है कि युवाओं से जुड़ना अच्छी बात है। लेकिन, अगर उन्होंने सभी तरह के छात्रों के साथ खुलकर बातचीत की होती, तो यह वाकई सार्थक होता। मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं द्वारा चलाए जा रहे शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे सिर्फ़ अपनी महिला छात्राओं का रजिस्ट्रेशन करें और उन्हें कार्यक्रम में लाएं। सिर्फ़ रजिस्टर्ड छात्राओं को ही इसमें एंट्री मिलेगी।"
नियंत्रित और एकतरफा बातचीत
आगे उन्होंने कहा 'यह कार्यक्रम पूरी तरह से नियंत्रित माहौल में किया जा रहा है ताकि यह पक्का किया जा सके कि सिर्फ़ उनकी विचारधारा से सहमत लोग ही इसमें शामिल हों। इसलिए, भले ही इसे 'छात्रों की गूंज' का नाम दिया गया है, लेकिन असल में यह कांग्रेस के जरिए चुने गए लोगों के साथ किया जा रहा एकतरफा संवाद है।'
इस बीच, पुणे शहर की पुलिस ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के देशव्यापी छात्र संपर्क अभियान "छात्रों की गूंज" के लिए सशर्त मंजूरी दे दी है। यह कार्यक्रम 22 अगस्त को SSPMS कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होना है।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 20 August 2026 at 12:25 IST