पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आज से शुरू हो रहा बाबरी जैसी मस्जिद का निर्माण, 1200 मौलवी करेंगे कुरान का पाठ, 300 करोड़ का आएगा खर्च

West Bengal: मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी मस्जिद के निर्माण को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि आज, 11 फरवरी से मस्जिद का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। इसके लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी होगा।

Follow :  
×

Share


हुमायूं कबीर | Image: Facebook

Murshidabad news: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी मस्जिद के निर्माण को लेकर सियासत चरम पर है। पूर्व TMC नेता और अब जनता उन्नयन पार्टी (JUP) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने बताया है कि इस मस्जिद का निर्माण आज (11 फरवरी) से शुरू हो जाएगा।

हुमायूं ने 6 दिसंबर 2025 को बाबरी ढांचे गिराए जाने की बरसी के दिन ही इस मस्जिद की नींव रखी थी। अब वह इसका निर्माण कार्य शुरू करवाने जा रहे हैं। इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।

आज से शुरू होगा मस्जिद का निर्माण

JUP प्रमुख हुमायूं कबीर ने बताया कि दोपहर 12 बजे औपचारिक रूप से मस्जिद निर्माण का काम शुरू होगा। इस मौके पर एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। सुबह करीब 10 बजे कार्यक्रम शुरू होगा और इसमें लगभग 1000 से 1200 मौलाना, मुफ्ती और धर्मगुरु कुरान की तिलावत यानी कुरान का पाठ करेंगे। इसके बाद दोपहर के समय मस्जिद के निर्माण का औपचारिक कार्य शुरू होगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए हजारों लोगों के एकत्रित होने का दावा किया है।

यहां जान लें कि हुमायूं कबीर ने मस्जिद के निर्माण का कार्य दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसमें करीब 300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। हालांकि मिली जानकारी के अनुसार मस्जिद निर्माण के लिए अब तक करीब 6 करोड़ रुपए का चंदा ही इकट्ठा हुआ है।

मस्जिद के निर्माण पर छिड़ा सियासी संग्राम

पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव से पहले मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी इस मस्जिद के निर्माण को लेकर विवाद बढ़ता ही रहा है। बंगाल ही नहीं यूपी में भी इसको लेकर सियासत शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मस्जिद निर्माण को लेकर हमला बोला, जिस पर हुमायूं कबीर की ओर से भी पलटवार किया गया।

CM योगी का बयान और हुमायूं कबीर का पलटवार

CM योगी ने कहा कि जो लोग सपना देख रहे हैं बाबरी ढांचे का, उनको बता दे रहे हैं कि कयामत का दिन कभी नहीं आएगा। कयामत के दिन के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, यहां का कानून मानो, कानून मानोगे, कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहोगे नहीं तो आगे का रास्ता कहां जाता है। अगर कानून कोई तोड़ेगा तो रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर जाता है, कानून तोड़कर कोई जन्नत जाने का सपना देख रहा है, तो यह सपना कभी पूरा नही होने वाला है।

मुख्यमंत्री के इस बयान पर हुमायूं ने कहा कि मैं मुर्शिदाबाद में मस्जिद बनाऊंगा, किसी में दम है तो मुझे रोक कर दिखाए। उन्होंने आगे यह भी कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। भारत का संविधान मुझे मस्जिद बनाने का अधिकार देता है, देश में कोई भी हिंदू मंदिर या ईसाई चर्च बना सकता है। एक मुसलमान होने के नाते, मैं मस्जिद बनाऊंगा।

यह भी पढे़ं: पूर्व आर्मी चीफ नरवणे ने किताब पर तोड़ी चुप्पी तो BJP ने किया जोरदार पलटवार, कहा- राहुल गांधी अबोध नहीं शातिर बालक हैं, देश से मांगें माफी

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 11 February 2026 at 07:21 IST