अपडेटेड 2 November 2024 at 09:39 IST

गांधी परिवार से जुड़ी एक और पीढ़ी राजनीति में उतरने को तैयार, राहुल ने दिवाली पर कराई सॉफ्ट लॉन्चिंग

रेहान राजीव वाड्रा को दिवाली के मौके पर सामने लाकर राहुल गांधी ने चर्चा का हिस्सा बना दिया है। इसे रेहान की राजनीति में सॉफ्ट लॉन्चिंग के तौर पर देखा जा रहा है।

Follow :  
×

Share


राहुल गांधी ने भांजे रेहान की सॉफ्ट लॉन्चिंग कराई। | Image: Video Grab

Rahul Gandhi with Raihan Rajiv Vadra: राहुल गांधी के साथ भांजे रेहान वाड्रा के चलने का अंदाज बता रहा है कि गांधी परिवार से जुड़ी एक और पीढ़ी राजनीति में उतरने को तैयार है। रेहान वाड्रा प्रियंका गांधी के बेटे हैं और हाल ही में खुद प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतरने वाली नेहरू-गांधी परिवार की सबसे नई सदस्य बनीं। फिलहाल रेहान को दिवाली के मौके पर सामने लाकर राहुल गांधी ने चर्चा का हिस्सा जरूर बना दिया है।

कांग्रेस के अभियानों में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जानी जाने वाली प्रियंका ने आधिकारिक तौर पर वायनाड से चुनावी राजनीति में कदम रखा है। 13 नवंबर को केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में प्रियंका गांधी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। राहुल के सीट खाली करने के बाद अक्टूबर में उन्होंने लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनके सक्रिय राजनीति का हिस्सा बनने से पहले बेटे रेहान वाड्रा की सार्वजनिक उपस्थिति बहुत कम रही, लेकिन राहुल गांधी एकाएक उन्हें सामने ले आए हैं।

राहुल ने कराई रेहान की 'सॉफ्ट लॉन्चिंग'

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिवाली का 9 मिनट का एक वीडियो जारी किया, जिसमें वो भांजे रेहान राजीव वाड्रा के साथ दिखे। इस वीडियो को नेहरू-गांधी-वाड्रा परिवार की 5वीं पीढ़ी के सदस्य की 'सॉफ्ट लॉन्चिंग' के रूप में देखा जा रहा है। इसको वीडियो की टाइमिंग से भी समझा जा सकता है, क्योंकि ये रेहान की मां प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनावी राजनीति में उतरने के कुछ समय बाद ही आया है।

वीडियो में रेहान और राहुल, दोनों बेदाग सफेद कुर्ते पहने हुए शाम के समय अपने घर के आस-पास घूमते हुए, त्योहार के दौरान घरों में रौनक लाने वाले अदृश्य श्रम पर चर्चा करते हैं। राहुल उन लोगों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो दिवाली के लिए सोनिया गांधी के 10 जनपथ आवास को तैयार कर रहे हैं। राहुल अपने भांजे रेहान को उन लोगों के बारे में समझाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो भारतीयों की दिवाली को रोशन करते हैं, लेकिन उन्हें पहचान या सराहना नहीं मिलती। रेहान राहुल की मदद करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वो 10 जनपथ बंगले पर काम करने वाले पेंटर और मजदूरों की मदद करने की कोशिश भी करते हैं। 10 जनपथ बंगला सोनिया गांधी का आवास है। 2023 में सांसद के रूप में अयोग्य घोषित होने के बाद से राहुल यहीं रह रहे हैं।

विजुअल आर्टिस्ट और क्यूरेटर हैं रेहान

24 वर्षीय रेहान राजीव वाड्रा की वेबसाइट के अनुसार, वो एक विजुअल आर्टिस्ट और क्यूरेटर हैं। रेहान के विजुअल कामों में वन्यजीव और सड़क से लेकर व्यावसायिक फोटोग्राफी तक शामिल है। ये पहली बार है जब राहुल गांधी ने रेहान को क्लिप में दिखाया है। फिलहाल यही अटकलें लगाई जा रही हैं कि रेहान वाड्रा को राजनीति में लॉन्च करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: अखिलेश ने बढ़ाई एमवीए की टेंशन,महाराष्ट्र में एम फैक्टर के जरिए साधा समीकरण

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 2 November 2024 at 09:39 IST