अपडेटेड 15 November 2024 at 12:37 IST
Birsa Munda Jayanti 2024: CM योगी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आदिवासी महापुरुष और क्रांतिकारी बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आदिवासी महापुरुष और क्रांतिकारी बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने झारखंड के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर बधाई भी दी। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ''स्वाधीनता संग्राम के अमर महानायक, अरण्य संस्कृति और जनजातीय अस्मिता के उन्नायक, मातृभूमि और 'जल-जंगल-जमीन' की रक्षा हेतु संघर्ष की सीख देने वाले महान क्रांतिवीर 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन ! माँ भारती की सेवा, सम्मान और रक्षा हेतु समर्पित महान जनजातीय विभूतियों के पावन स्मरण दिवस 'जनजातीय गौरव दिवस' की प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं ! जय जोहार...।''
झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए आदित्यनाथ ने कहा…
झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ''प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण भगवान बिरसा मुंडा की महान तपोभूमि, वीर बलिदानियों की पावन धरा एवं आध्यात्मिक व ऐतिहासिक धरोहरों की अतुल्य वसुधा झारखण्ड राज्य के स्थापना दिवस की झारखंड वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! जय जोहार...।'' सरकार ने 2021 में मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की थी।
मुंडा का जन्म 1875 में अविभाजित बिहार के आदिवासी क्षेत्र उलिहातू में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और धर्मांतरण गतिविधियों के खिलाफ आदिवासियों को लामबंद किया था। आज ही के दिन यानी 15 नवंबर 2000 को झारखंड की स्थापना हुई थी। यह राज्य बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर गठित किया गया था।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 15 November 2024 at 12:37 IST