गौरव गोगोई की पत्नी से जुड़ा मामला कोई 'जासूसी' नहीं, सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित: CM हिमंता
गौरव गोगोई की एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों को लेकर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और बीजेपी लगातार निशाना साध रहे हैं।
Assam News: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के आईएसआई के साथ कथित संबंधों को लेकर उठा विवाद कोई जासूसी नहीं बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के हितों से जुड़ा मामला है।
कांग्रेस के एक अन्य सांसद प्रद्योत बोरदोलोई द्वारा 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जिससे समझौता नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आने वाले महीनों में आप चौंक जाएंगे। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि मुझ पर जो जिम्मेदारी है, उसके बावजूद यह कोई जासूसी नहीं है। मैंने भी श्री तरुण गोगोई के अधीन काम किया है और मैं इस तरह की कार्रवाइयों की गंभीरता को पूरी तरह समझता हूं।’’
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों को लेकर लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई पर लगातार निशाना साध रहे हैं। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, ‘‘मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, वह पूरी तरह से राष्ट्रीय सुरक्षा के हितों से प्रेरित है - एक ऐसा क्षेत्र जहां कोई समझौता नहीं किया जा सकता। मैंने अपने देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने की शपथ ली है, और मैं इसे कायम रखूंगा, चाहे कुछ भी हो जाए।’’
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 19 February 2025 at 09:43 IST