Daler Mehndi Row: 'CM धामी का मेरे पास फोन आया था, मेटर को अब खत्म करना है, मगर मैं मंत्री जी को...', दलेर महेंदी विवाद पर बोले मीका सिंह

मीका सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें और दलेर मेहंदी को फोन कर बात की और मामले को खत्म करने को कहा। मीका ने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।

 
Follow :
दलेर महेंदी विवाद पर बोले मीका सिंह-CM धामी का मेरे पास फोन आया था, मेटर को अब खत्म करना | Image: Republic

उत्तराखंड के टिहरी जिले में हुए एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा पंजाबी गायक दलेर मेहंदी पर मंच से गुस्सा जताने और शराब पीने का आरोप लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। इस घटना पर दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह की लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। अब उन्होंने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर दलेर महेंदी और उनसे बात की। उन्होंने कहा कि अब इस मेटर को खत्म करना है।

मीका ने कहा कि मंत्री द्वारा दलेर मेहंदी को जिस तरह मंच पर डांटा गया और शराब पीने का आरोप लगाया गया, वह पूरी तरह गलत था। इससे दलेर मेहंदी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा है। मीका ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “दलेर जी की जो इमेज उन्होंने खराब की, वह बहुत गलत है। मैं उनको कभी माफ नहीं करूंगा।” उन्होंने बताया कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया।

CM धामी ने मेटर को खत्म करने को कहा है-मीका सिंह

दलेर बेहद विनम्र स्वभाव के हैं और अपमानित होने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम पूरा किया। मीका के अनुसार, वे खुद इस घटना से बेहद गुस्से में थे, लेकिन सोच-समझकर अपनी बात रखी। प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म करने के बाद न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए मीका सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें और दलेर मेहंदी को फोन कर बात की और मामले को खत्म करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बेहद विनम्रता और आत्मीयता से बातचीत की और घटना पर खेद जताया। धामी जी ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में दोनों कलाकार उत्तराखंड आएंगे तो उनका पूरा सम्मान किया जाएगा।

October 24, 2026

मंत्री सुबोध उनियाल को माफी मांगनी चाहिए

मीका ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए उन्हें जमीन से जुड़े अच्छे इंसान बताया। हालांकि मीका ने मंत्री सुबोध उनियाल से अभी भी माफी मांगने की गुजारिश की। उन्होंने कहा, “सुबोध जी, अगर आप दलेर जी को फोन करके माफी मांग लें तो बहुत अच्छा होगा। आपने उनकी प्रतिष्ठा को काफी नुकसान पहुंचाया है। उन्हें शराबी बताकर आपने लोगों के मन में गलत धारणा बना दी है। हमारी आपसे कोई निजी दुश्मनी नहीं है। हम गुंडे या झगड़ालू लोग नहीं हैं जो मुकदमेबाजी करना चाहते हों, लेकिन आपने जो किया वह गलत था।”

मनिंदर भुट्टर का जिक्र कर मीका ने लगाई मंत्री की क्लास

मीका ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री ने दलेर को डांटने के बाद मंच से गायक मनिंदर भुट्टर का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक बात कही थी। उनके मुताबिक मंत्री ने कहा था कि मनिंदर भुट्टर पहले आए थे और उन्हें भी पीटकर भगा दिया गया था, अब वे दोबारा परफॉर्म नहीं कर सकते। मीका ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर किसी कलाकार से गलती हुई हो तो उसे प्यार और सम्मान से समझाना चाहिए, न कि मंच से अपमानित करना चाहिए। उन्होंने मंत्री से कहा, “मंत्री साहब, आप गुंडे नहीं हो, आप मंत्री साहब हो।”

दलेर भाई ने चुप रहकर जवाब दिया-मीका सिंह

मीका ने बताया कि दलेर भाई ने चुप रहना चुना और उनके संयम पर जनता की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही है। मंत्री जी को सोशल मीडिया पर उनके किए की सजा मिल रही है। यह विवाद कलाकारों के सम्मान और राजनीतिक नेतृत्व के व्यवहार पर सवाल खड़े करता है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से मामला कुछ हद तक शांत होने की उम्मीद है, लेकिन मीका सिंह अभी भी मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें; Daler Mehndi Controversy: बेइज्जती के बाद अब 'बदले' की बात? दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरी FWICE, पीएम मोदी को खत लिख की ये मांग

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 24 October 2026 at 10:29 IST