एक इशारा, नीचे झुकी सिया और फिर चेतन ने... यूं रची गई थी केतन अग्रवाल की हत्या की खौफनाक साजिश, एक 'गलती' से खुल गया राज
18 जून को केतन और सिया के पीछे-पीछे चेतन भी लोहागढ़ किला पहुंच गया। वे विंचू काटा रिज के पास एक सुनसान चट्टान पर खड़ा होकर सिया की ओर से पहले से सिग्नल का इंतजार किया। तय प्लान के मुताबिक सिया ने बैठकर इशारा किया।
- भारत
- 3 min read
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में एक के बाद एक नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शातिर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया, वो सबको हैरान कर रहा है। एक तरफ केतन के साथ सिया अपनी परफेक्ट लव स्टोरी दिखा रही थी और पर्दे के पीछे वो उसी की हत्या की साजिश रच रही थी। सिया और चेतन ने मिलकर केतन की हत्या को हादसे का रूप देने की पूरी स्क्रिप्ट तैयार की थी, लेकिन पुलिस जांच ने पर्दाफाश कर दिया।
फरवरी में ही सिया और केतन की सगाई हुई थी। नवंबर में दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन सिया ये शादी नहीं करना चाहती थी। उसने अपने परिवार को न कहने की जगह केतन को रास्ते से हटाना बेहतर समझा। वो केतन जो उसे 'प्रिंसेस ट्रीटमेंट' दे रहा था, उसका प्री-बर्थडे सेलिब्रेट कर रहा था, उसी शख्स को सिया ने लोहागढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
फेल हुआ सिया-चेतन का 14 जून वाला प्लान
सिया बार-बार केतन के साथ लोहागढ़ किला जाने की जिद करती थी। 31 मई को दोनों वहां साथ गए थे, तब वापस लौट आए। 14 जून को भी दोनों वहां दोबारा गए और इस दौरान सिया ने केतन को मारने की कोशिश भी की और उसे धक्का दिया। तब केतन बच गया और सिया सांप दिखने का नाटक करने लगी। 18 जून को आखिरकार मौका पाते ही उसने केतन को खाई में धकेल दिया।
इसके लिए सिया और चेतन ने मिलकर अच्छे से प्लानिंग की थी। दोनों ने कोडवर्ड भी तय किए थे। सिया ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि उसके और चेतन ने तय हुआ था कि जब मैं नीचे झुक जाऊं तो समझ लेना कि केतन को धक्का देना है।
सिया ने किया इशारा और फिर…
18 जून को केतन और सिया के पीछे-पीछे चेतन भी लोहागढ़ किला पहुंच गया। वे विंचू काटा रिज के पास एक सुनसान चट्टान पर खड़ा होकर सिया की ओर से पहले से सिग्नल का इंतजार किया। तय प्लान के मुताबिक सिया ने बैठकर इशारा किया। सिग्नल मिलने के बाद चेतन पीछे से केतन के पास गया और उसे धक्का देकर चट्टान से नीचे गिरा दिया और वहां से भाग गया। इसके बाद सिया इसे हादसा बताकर चिल्लाने लगी।
कैसे खुली दोनों की पोल?
जब पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वहां आसपास मौजूद CCTV फुटेज को खंगाला तो उसमें हुडी पहने एक शख्स केतन और सिया के आसपास दिखाई दिया। इतनी गर्मी में हुडी पहनने के चलते पुलिस को शक हुआ। चेतन ने ऐसा अपनी पहचान छिपाने के लिए किया था। उसने चेहरे पर मास्क भी लगाया हुआ था। वहीं, सिया भी बार-बार पीछे मुड़कर उस व्यक्ति को देख रही थी। एक जगह तो उसने कथित तौर पर हाथ से इशारा भी किया, मानो वो उससे पूछ रही हो- अब धक्का दे क्या? इन एक्टिविटीज ने पुलिस का ध्यान खींचा।
सिया पूछताछ के दौरान बार-बार अपना बयान भी बदल रही थी। पहले उसने कहा कि फोटो खींचते समय केतन खाई में गिर गया। बाद में बोली कि वो ट्रेक के बाद आराम कर रही थी। पानी मांगने पर बोतल देते समय केतन का बैलेंस बिगड़ गया।
जांच में केतन अग्रवाल के मोबाइल फोन से उस दिन की कोई भी फोटो या वीडियो नहीं मिली। कॉल रिकॉर्ड्स, मोबाइल लोकेशन डेटा और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद पुलिस ने हुडी पहने उस व्यक्ति की पहचान चेतन चौधरी के रूप में की। इसके बाद एक-एक करके सारी परतें खुली।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 25 June 2026 at 12:41 IST