'प्लान A' हुआ फेल, 'प्लान B' में मार डाला, फिर भी बच जाता केतन तो तैयार था 'प्लान C'; प्रेमी के लिए हर हद तक गुजरने को तैयार थी सिया
देश में इस समय केतन अग्रवाल मर्डर केस की चर्चा हो रही है। मंगेतर सिया गोयल ने पुणे के लोहागढ़ किले से केतन को धकेल कर उसकी हत्या कर दी थी।
- भारत
- 4 min read

देश में इस समय केतन अग्रवाल मर्डर केस की चर्चा हो रही है। मंगेतर सिया गोयल ने पुणे के लोहागढ़ किले से केतन को धकेल कर उसकी हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में सिया का प्रेमी भी शामिल था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और परिवार के मुताबिक जांच में मामले की बेहद चिन्ताजनक रूपरेखा सामने आई है।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि 14 जून को भी सिया ने किले पर केतन को खाई की तरफ धक्का दिया था, पर केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। इस घटना के समय सिया ने 'सांप है, सांप है' चिल्लाकर बहाना बनाया। इसपर केतन ने उसे गले लगा लिया था परिवार का मानना है कि यही सिया का 'प्लान A' था, जो असफल रहा।
प्लान B फेल होता तो प्लान C भी था तैयार
पुलिस के बयानों के अनुसार जिस दिन केतन की हत्या हुई, उससे एक दिन पहले यानी 18 जून को सिया ने केतन को प्री-बर्थडे सरप्राइज के बहाने लोहागढ़ किले बुलाया। इस बीच सिया का प्रेमी चेतन भी मौके पर पहुंच गया। चेतन ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घर पर मोबाइल रखा और कपड़े बदलकर किले पर पहुंच गया। उसका CCTV फुटेज भी पुलिस के पास है। जब केतन मोबाइल से तस्वीर ले रहा था, तो सिया ने उसे धक्का दिया और केतन खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में सिया ने पुलिस को फोन कर बताया कि केतन फिसलकर गिर गया था।
Advertisement
केतन के पिता ने आगे आरोप लगाया कि यदि लोहागढ़ किले पर 'प्लान B' भी विफल हो जाता तो सिया और चेतन ने महाबलेश्वर में 'प्लान C' के तहत हत्या की योजना पहले से बना रखी थी। परिवार ने शुरुआत से ही केतन की मौत पर आशंका जताई क्योंकि मृतक को माउंटेनियरिंग का शौक था और ऊंची जगहों पर चलने का अच्छा अनुभव था; इसलिए वे संदेह कर रहे थे कि यह महज एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना नहीं थी।
चेतन ने कबूल कर ली हत्या की बात
Advertisement
पुलिस ने मामले की प्रारम्भिक जानकारी मिलने के बाद लोनावाला ग्रामीण और पुणे रूरल क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से विस्तृत जांच कराई। पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर अपने और चेतन के मिलकर केतन को धक्का देकर हटाने की बात कबूल की। दोनों के खिलाफ लोनावाला रूरल थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है और कोर्ट ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है, ताकि विस्तृत पूछताछ और फोरेंसिक जांच पूरी की जा सके।
केतन की हत्या वाले दिन भी कैफे में मिले थे सिया और चेतन
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच से यह सामने आया कि घटना वाले दिन सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे। वहां दोनों ने अग्रवाल को रास्ते से हटाने की योजना पर चर्चा की और किले पर वह स्थान भी तय किया, जहां से उसे घाटी में धक्का दिया जा सके। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन अपने रिश्ते में केतन को बाधा मानते थे और इसी वजह से उन्होंने उसे खत्म करने की साजिश रची।
सिया ने चुरा लिया था केतन का पासपोर्ट
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया ने 6 जून को बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट को विफल करने के लिए कथित रूप से केतन का पासपोर्ट चुरा लिया था। पुलिस का दावा है कि मुंबई एयरपोर्ट जाते समय खालापुर के एक फूड मॉल में उसने कार से पासपोर्ट निकालकर महिलाओं के शौचालय में फेंक दिया था। पुलिस ने बताया कि सिया और केतन की फरवरी में सगाई हुई थी और नवंबर में उदयपुर में उनकी भव्य शादी होने वाली थी, जिसके लिए एक महल भी बुक किया गया था।