अपडेटेड 27 October 2025 at 12:11 IST
कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत, जो बन सकते हैं देश के 53वें चीफ जस्टिस, CJI बीआर गवई ने की सिफारिश, इतने महीनों का होगा कार्यकाल
Supeme Court Next CJI: सुप्रीम कोर्ट के अगले मुख्य न्यायधीश के तौर पर CJI बीआर गवई ने जस्टिस सूर्यकांत का नाम आगे बढ़ाया है। उन्होंने इस नाम की सिफारिश कानून मंत्रालय को भेज दी है। CJI गवई 23 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं।
Supreme Court CJI: देश के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई के रिटायरमेंट के बाद सुप्रीम कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस को चुने जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। CJI गवई ने अपने उत्तराधिकारी के तौर पर जस्टिस सूर्यकांत का नाम आगे बढ़ाया है। गवई के बाद जस्टिस सूर्यकांत ही सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे सीनियर जज हैं। केंद्र ने CJI गवई की सिफारिश को मान लिया तो वो देश के 53वें CJI बनेंगे।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा चीफ जस्टिस बीआर गवई 23 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में रिटायरमेंट से महीनाभर पहले देश के अगले CJI को चुने जाने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
CJI की नियुक्ति को लेकर ऐसी परंपरा है कि रिटायरमेंट से एक महीने पहले ही मौजूदा CJI से कानून मंत्रालय उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश मांगता है। इसके बाद यह लगभग तय हो जाता है कि देश का अलग चीफ जस्टिस कौन होगा।
CJI गवई ने कानून मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव
CJI बीआर गवई ने केंद्रीय कानून मंत्रालय से उनके बाद जस्टिस सूर्यकांत को अगला CJI नियुक्त करने की सिफारिश की है। जस्टिस सूर्यकांत सीजेआई बनते हैं तो वो भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद वो 24 नवंबर को CJI का पद संभाल सकते हैं। वहीं उनका कार्यकाल 14 महीनों का होगा। जस्टिस सूर्यकांत 9 फरवरी 2027 तक इस पद पर रह सकते हैं।
कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत?
हरियाणा के हिसार में 10 फरवरी, 1962 को जस्टिस सूर्यकांत का जन्म हुआ है। इस समय वो सुप्रीम कोर्ट में CJI गवई के बाद सबसे सीनियर जज हैं। जस्टिस सूर्यकांत ने साल 1981 में हिसार के गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। साल 1984 में उन्होंने रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने हिसार की जिला अदालत में प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। एक साल बाद वे पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे।
साल 2004 में जस्टिस सूर्यकांत को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वो 5 अक्टूबर 2018 को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने। वहीं, 24 मई 2019 को जस्टिस सूर्यकांत को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाया गया था।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 October 2025 at 12:10 IST