उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं; कहा- छठी मैया सभी व्रतियों को...

देशभर के अलग-अलग हिस्सों में आज उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया, जिसके साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने व्रतियों समेत देशवासियों को बधाई दी है।

 
Follow :
छठ पूजा का समापन | Image: Republic/ANI

PM Modi extends Chhath Puja Greetings on Final Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चार दिवसीय छठ पूजा के शुभ समापन पर बधाई दी। साथ ही छठी मइया से सभी व्रतियों समेत देशवासियों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला।'

PM मोदी ने देशवासियों के लिए की कामना

उन्होंने आगे लिखा, 'छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।'

November 16, 2026

उगते सूर्य को अर्घ्य किया अर्पित

अंधेरा छंटने के साथ ही सोमवार की सुबह देशभर में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, जो आस्था के महापर्व छठ पूजा के समापन का प्रतीक था। बड़ी संख्या में लोग नदियों, तालाबों और घाटों पर एकत्रित हुए और पूरा माहौल छठी मैया के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रतियों ने फल और पारंपरिक प्रसाद 'ठेकुआ' से सजी थाल के साथ विधिवत अर्घ्य दिया।

व्रतियों ने निर्जला उपवास तोड़ किया पारण

पूरे भक्तिभाव के साथ अनुष्ठान पूरा करते हुए श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण का आशीर्वाद मांगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने की इस पावन विधि के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। इसके बाद व्रतियों ने अपना लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा और पारण किया।

नहाय-खाय के साथ शुरु हुआ था महापर्व छठ

बता दें कि लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी, जिसके अगले दिन 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया। खरना के बाद व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। इस दौरान रविवार शाम को डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया और सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही यह महाव्रत संपन्न हुआ। इसके बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।

छठ पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का विशेष महत्व है, जहां व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। यह महापर्व प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ स्वच्छता और अनुशासन की अनूठी परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। पूजा में अर्पित किया जाने वाला ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद इस पर्व की खास पहचान हैं।

यह भी पढ़ें: PM मोदी आज से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर, ASEAN-ईस्ट एशिया समिट में लेंगे भाग; ट्रंप भी हो सकते हैं शामिल
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 16 November 2026 at 07:45 IST