सत्येंद्र जैन पर कसेगा CBI का शिकंजा, तिहाड़ से एक्सटॉर्शन का आरोप; गृह मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

Delhi News: जेल से रंगदारी का रैकेट चलाने के आरोप को लेकर गृह मंत्रालय ने सत्येंद्र जैन के खिलाफ CBI जांच की मंजूरी दी है।

 
Follow :
Satyendra Jain | Image: PTI

Delhi News: गृह मंत्रालय ने भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत एक मामले में दिल्ली के पूर्व कारागार मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई जांच की मंजूरी दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जैन धन शोधन के एक मामले में जेल में हैं। उनपर ठग सुकेश चंद्रशेखर को जेल में संरक्षण मुहैया करने के एवज में उससे 10 करोड़ रुपये की जबरन वसूली करने का आरोप है।

जैन के अलावा, तिहाड़ जेल के पूर्व महानिदेशक संदीप गोयल और कुछ अन्य कर्मचारियों पर दिल्ली की जेलों में बंद हाई-प्रोफाइल कैदियों से जबरन वसूली करने का आरोप है।

एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि 22 मार्च को जैन के खिलाफ सीबीआई जांच की मंजूरी दी गई, जिसके बाद दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने आगे की उपयुक्त कार्रवाई के लिए फाइल मुख्य सचिव के पास भेज दी।

उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर ने एक शिकायत दायर की थी जिसके बाद सीबीआई ने विषय की जांच शुरू की थी और पूर्व मंत्री को भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत अभियोजित करने के लिए सक्षम प्राधिकार की मंजूरी मांगी थी।

चंद्रशेखर धन शोधन के एक मामले में तिहाड़ जेल में है। उसने आरोप लगाया है कि जैन ने 2018-21 के दौरान किस्तों में 10 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की।

यह भी आरोप है कि कुछ जेल अधिकारियों ने चंद्रशेखर से 2019-22 के दौरान किस्तों में 12.50 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की।

ये भी पढ़ेंः पिता मुख्तार के जनाजे में शामिल होने की गुहार लेकर SC पहुंचा अब्बास, तत्काल सुनवाई की मांग

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 29 March 2024 at 17:50 IST