संदेशखाली मामले में CBI का बड़ा एक्शन, शाहजहां शेख का भाई गिरफ्तार

West Bengal News: संदेशखाली मामले में CBI ने बड़ा एक्शन लिया है।

 
Follow :
sheikh Shahjahan | Image: X

West Bengal News: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दल पर पांच जनवरी को हुए हमले में शामिल होने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित नेता शाहजहां शेख के भाई समेत तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया।

सीबीआई ने शाहजहां शेख के भाई शेख अलोमगीर, संदेशखालि में तृणमूल की छात्र शाखा के अध्यक्ष मफुजर मोल्ला और स्थानीय व्यक्ति सिराजुल मोल्ला को गिरफ्तार किया। उन्हें रविवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

एजेंसी ने शाहजहां शेख के भाई और दो अन्य को पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया।

सीबीआई ने पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज तीन प्राथमिकियों संबंधी मामलों को कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर अपने हाथ में ले लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद और एकत्र किए गए तकनीकी साक्ष्यों के मद्देनजर इन तीनों को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया।

इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस मामले में सीबीआई द्वारा पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को संदेह है कि ये लोग पांच जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हुए हमले में कथित तौर पर शामिल थे और जब अधिकारी पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में शाहजहां शेख के परिसरों पर छापा मारने गए थे तब इन्होंने उन पर हमला करने के लिए भीड़ को उकसाया था।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली से सटे UP में रहने वाले जान लें, नोएडा-ग्रेटर नोएडा-गाजियाबाद में आपको कब-कब डालना है वोट?

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 16 March 2024 at 20:12 IST