BRICS 2026: भारत में आज स्टार्ट अप क्रांति हो रही है, UPI ग्रोथ का अहम हिस्सा, ग्लोबल सॉल्यूशंस का हब बना इंडिया- PM मोदी
BRICS Summit 2026: पीएम मोदी ने ब्रिक्स के बिजनेस फोरम में कहा कि भारत का ध्यान व्यापार की बाधाओं को कम करने और बिज़नेस के लिए मौके बढ़ाने पर है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्टार्टअप और UPI की सफलता का भी जिक्र किया।
- भारत
- 3 min read
BRICS Summit 2026: पीएम मोदी ने ब्रिक्स के बिजनेस फोरम में कहा कि भारत का ध्यान व्यापार की बाधाओं को कम करने और बिज़नेस के लिए मौके बढ़ाने पर है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप और UPI की सफलता का भी जिक्र किया।
पीएम मोदी ने कहा “हमारा ध्यान व्यापार की बाधाओं को कम करने और बिज़नेस के लिए मौके बढ़ाने पर है। इसीलिए, अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हमने कृषि, स्वास्थ्य, कौशल और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए नेटवर्क बनाए हैं। स्टार्टअप और MSME को बाज़ार और फाइनेंस से जोड़ने के लिए हमने ब्रिक्स इनक्यूबेटर नेटवर्क, ब्रिक्स MSME पोर्टल और ब्रिक्स स्टार्टअप इनोवेशन फंड जैसी पहल शुरू की हैं। आप सभी हमारे देशों के बीच निवेश और टैलेंट के आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए इन सहयोग ढांचों का लाभ उठा सकते हैं।”
भारत विकास और स्थिरता का भरोसा देता है
ब्रिक्स बिज़नेस फोरम के लीडर्स सेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय 'मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण' है। पिछले 12 वर्षों में भारत ने इस मंत्र को अपनी आर्थिक और व्यापारिक नीतियों का आधार बनाया है। मजबूती (resilience) के मामले में, भारत ने ऊर्जा से लेकर टेक्नोलॉजी तक के क्षेत्रों में सप्लाई चेन को अधिक विविध और भरोसेमंद बनाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा "इसी मजबूती का नतीजा है कि आज वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी भारत विकास और स्थिरता का भरोसा देता है। हम तेजी से अपनी सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों का विस्तार कर रहे हैं। साथ ही, हम जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, महत्वपूर्ण खनिजों और बायोटेक्नोलॉजी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में नई क्षमताएं विकसित कर रहे हैं।”
ब्रिक्स बिज़नेस फोरम के लीडर्स सेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “ब्रिक्स अपने तीसरे दशक में प्रवेश कर रहा है, मैं ब्रिक्स बिज़नेस काउंसिल से आग्रह करना चाहता हूँ: क्या आप ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार की मुख्य दस बाधाओं को दूर करने पर एक रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं? क्या हम हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप्स को अन्य ब्रिक्स बाज़ारों में विस्तार करने में मदद कर सकते हैं?"
उन्होंने पूछा “क्या हम अपने व्यवसायों के बीच एक हज़ार नई साझेदारियाँ बना सकते हैं? हमें हर साल इन तीन पैमानों पर अपनी प्रगति की समीक्षा करनी चाहिए। आइए, ब्रिक्स की महत्वाकांक्षाओं को कार्यों में और अपनी सामूहिक शक्ति को वैश्विक समाधानों में बदलें। आइए, ब्रिक्स आगे बढ़े और दुनिया को भी आगे बढ़ाए।”
ग्लोबल इनोवेशन और सॉल्यूशन के लिए अहम केंद्र
पीएम मोदी ने कहा कि इन वर्षों में जहां ग्लोबल GDP करीब ढाई गुना हुई है, वहीं BRICS देशों की कंबाइन GDP करीब साढ़े चार गुना हुई है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि BRICS देश ग्लोबल इनोवेशन और के लिए अहम केंद्र के तौर पर भी बन रहे हैं।"
भारत में स्टार्टअप क्रांति हो रही है
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में स्टार्टअप क्रांति हो रही है, यहाँ 2 लाख से ज़्यादा स्टार्टअप और 120 से ज़्यादा यूनिकॉर्न के साथ भारत आज ग्लोबल सॉल्यूशंस का हब बन रहा है। भारत AI, शिक्षा, हेल्थकेयर, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी, डिफेंस और स्पेस जैसे क्षेत्रों में ग्लोबल समाधानों के केंद्र के तौर पर उभर रहा है। BRICS के ज़रिए भारत के वर्ल्ड-क्लास इनोवेशन ग्लोबल मार्केट तक पहुँच सकते हैं।
दुनिया के 50% रियल-टाइम पेमेंट UPI के ज़रिए होते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि UPI ने बड़े पैमाने पर फाइनेंशियल इन्क्लूजन और डिजिटल ट्रांज़ैक्शन को भी बढ़ावा दिया है। दुनिया के 50% रियल-टाइम पेमेंट इसी टेक्नोलॉजी के ज़रिए होते हैं। BRICS के इनोवेटर इस अनुभव का फ़ायदा उठाकर अपने देशों के लिए समाधान विकसित कर सकते हैं।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 11 September 2026 at 19:16 IST