Delhi-NCR Earthquake: दिल्ली-एनसीआर में महसूस किए गए भूकंप के झटके, चमोली में था 4.9 तीव्रता का केंद्र
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इसका केंद्र उत्तराखंड के चमोली में जमीन से 13 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। जिसकी तीव्रता 4.9 थी।
- भारत
- 2 min read
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक महसूस हुए इन झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई जगहों पर लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।
उत्तराखंड के चमोली में था भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चमोली जिले में जमीन से लगभग 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह झटके आज तड़के रात 22:13 बजे महसूस किए गए।
उत्तर भारत के कई राज्यों में महसूस हुए झटके
भूकंप का असर केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में तेज झटके महसूस किए जाने के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी इसका असर देखा गया। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में धरती हिली।
सुरक्षा और स्थिति का जायजा
देर रात आए इस भूकंप के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, तीव्रता मध्यम होने की वजह से फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
भूकंप महसूस हो तो सबसे पहले क्या करना चाहिए?
- 'ड्रॉप, कवर, एंड होल्ड ऑन' झुकें, ढकें, पकड़े रहें का पालन करें।
- तुरंत अपने हाथों और घुटनों के बल जमीन पर बैठ जाएं ताकि आप गिर न पड़ें।
- किसी मजबूत मेज या डेस्क के नीचे छिपकर अपने सिर और गर्दन को बचाएं।
- खिड़कियों, कांच, शीशों, बाहरी दीवारों और भारी सामान जैसे अलमारी, टीवी से दूर रहें।
- इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों, तारों और फ्लाईओवर से दूर किसी खुली जगह पर चले जाएं।
- वाहन चला रहे हैं तो गाड़ी रोकें। गाड़ी को सड़क के किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर रोक दें।
- भूकंप के समय हमेशा सीढ़ियों का इस्तेमाल करें, लिफ्ट बंद हो सकती है या अटकी रह सकती है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 6 October 2026 at 22:31 IST