Gurdaspur Blast: गुरदासपुर में पुलिसकर्मी के घर के बाहर ब्लास्ट, आतंकी संगठन बब्बर खालसा ने ली जिम्मेदारी... CCTV आया सामने

धमाका रायमल गांव में बीती रात करीब 8 बजे हुआ था। ब्लास्ट कम तीव्रता का था, लेकिन इससे इलाके में हड़कंप मच गया।

Follow :  
×

Share


gurdaspur blast | Image: republic

Gurdaspur Blast: पंजाब के गुरदासपुर में सोमवार (17 फरवरी) को धमाका हुआ। धमाके का अब CCTV फुटेज भी सामने आया है। ब्लास्ट गुरदास में डेरा बाबा नानक इलाके में एक पुलिसकर्मी के घर के बाहर हुआ। गनीमत इस बात की रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार धमाका रायमल गांव में बीती रात करीब 8 बजे हुआ था। ब्लास्ट कम तीव्रता का था, लेकिन इससे इलाके में हड़कंप मच गया।

लो इंटेंसिटी ब्लास्ट था- SSP

बताया जा रहा है कि धमाका एक पुलिसकर्मी के बाहर हुआ, जो अमृतसर में तैनात हैं। धमाके के बटाला के एसएसपी सुहैल कासिम ने ब्लास्ट की पुष्टि की और बताया कि यह एक लो इंटेंसिटी ब्लास्ट था। इस धमाके के पीछे की वजह अबतक साफ नहीं हो पाई है। वहीं धमाके के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई औत इसकी जांच में जुट गई। ब्लास्ट आपसी रंजिश में किया गया या फिर इसके पीछे कोई आतंकी-गैंगस्टर एंगल है, इसकी जांच की जा रही है।

गनीमत इसी बात की रही कि इस धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ। इस बीच धमाके से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ब्लास्ट से घर के शीशे टूट गए और फर्श को भी नुकसान हुआ।

इस आतंकी संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस बीच खबरें ये सामने आ रही है कि इस धमाके की जिम्मेदारी आतंकी हैप्पी पासियां ने ली है, जिसमें उसका साथ शेरा मान ने दिया है। हैप्पी पासियां बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली गई और इसमें कहा गया है कि 2 महीने पहले जतिंदर ने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मेरे घर पर परिवार के साथ बदसलूकी की थी और जबरदस्ती कैमरों का डीवीआर उतार लिया। उन्होंने रमदास इलाके में और भी परिवारों के साथ गलत किया।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि जिस पुलिसकर्मी या पुलिस अधिकारी को ऐसा सबकुछ करने का शौक है, वो एक बार अपने परिवार की तरफ देख लें। हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। पुलिस जिस तरह से फेक एनकाउंटर कर रही है और गलत तरह से परिवारों को तंग कर रही है। इसका जल्द जवाब बहुत बड़े एक्शन से दिया जाएगा, जिसमें पुलिस अधिकारी टारगेट पर होंगे।

गौरतलब है कि पंजाब में पिछले कुछ समय से ऐसी घटनाएं काफी बढ़ गई है, जिसमें पुलिसकर्मियों और पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। इससे पहले 3 फरवरी को ही अमृतसर में एक हैंड ग्रेनेड हमला हुआ था। हमला फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास पुलिस चौकी पर किया गया था। 

यह भी पढ़ें: UP: 'संभल से हिंदू नहीं मुसलमानों का पलायन हो रहा है, अफवाह...', ओवैसी के बयान पर प्रमोद कृष्णम का पलटवार

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 18 February 2025 at 08:06 IST