'भारत की कहानी जंतर-मंतर की कहानी नहीं है, अराजक तत्वों का शो फ्लॉप हो गया...', CJP प्रोटेस्ट पर बोली BJP
संबित पात्रा ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उसे फ्लॉप शो करार दिया। बीजेपी सांसद ने कहा कि कुछ अराजक ताकतें पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक कोने में अराजकता फैला रही हैं। लेकिन आज अराजकतावादी विफल हो गए हैं।
- भारत
- 4 min read
BJP on CJP Protest: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर की कहानी भारत की कहानी नहीं है। अराजक तत्वों का फ्लॉप शो पूरी तरह से विफल हो गया है।
संबित पात्रा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'भारत का क्षेत्रफल 32,87,263 वर्ग किलोमीटर है। जंतर-मंतर का क्षेत्रफल लगभग 4 किलोमीटर का है। जंतर-मंतर की कहानी भारत की कहानी नहीं है। जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, जो आप टीवी और कुछ सोशल मीडिया हैंडल पर देख सकते हैं, वह भारत की कहानी नहीं है।'
आज अराजकतावादी विफल हुए- संबित पात्रा
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत शांत है और अच्छे शासन के तहत आगे बढ़ रहा है। हम देख रहे हैं कि कुछ अराजक ताकतें पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक कोने में अराजकता फैला रही हैं। लेकिन आज अराजकतावादी विफल हो गए हैं। अराजक तत्वों का फ्लॉप शो पूरी तरह से विफल हो गया है।
'लोकतंत्र' की जीत 'भीड़तंत्र' पर हुई- संबित पात्रा
पात्रा ने निशाना साधते हुए कहा कि भारत की राष्ट्रीय राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की गई कि यहां आगजनी, मारपीट, लड़ाई और हिंसा हो। लेकिन आज 'लोकतंत्र' की जीत 'भीड़तंत्र' पर हुई है। जिस प्रकार से लोकतंत्र ने आज दिल्ली में प्रदर्शन किया है और जिस प्रकार से सारा मामला नियंत्रण में है। मैं फिर दोहराना चाहूंगा कि अराजकतावादी फेल हो गए हैं। उनका यह फ्लॉप शो नहीं चलने वाला है।
संबित पात्रा का कांग्रेस-AAP पर निशाना
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस पार्टी ने बंद बुलाया था। अब आज किसी दूसरी पार्टी ने प्रदर्शन किया है। इसके बाद 12 तारीख को अन्य पार्टी ने प्रदर्शन का आह्वान किया है। एक कालखंड में किस तरह से भारत में स्थितियों को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मगर उसके पीछे के नीयत को भी समझिए। अराजकतत्वों के अंदर भी अराजकता है कि किसे श्रेय मिले। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच में गुत्थमगुत्थी चल रही है।
पात्रा ने राहुल गांधी को बताया ‘नालायक नेता’
उन्होंने इंडी अलायंस के नेताओं का राष्ट्रपति से मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि कल कुछ राजनेता राष्ट्रपति भवन गए थे। वहां से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी का बयान एक ‘नालायक नेता’ के बयान के बराबर है। कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि राष्ट्रपति को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश हुई हो मगर एक नालायक नेता ने राष्ट्रपति महोदया को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश की।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 October 2026 at 14:43 IST